कार्य में देरी करने पर एजेंसी को करें ब्लैक लिस्ट, नियमित करें निगरानी।
महापौर ने निगम अभियंताओं को विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए उचित दिशा- निर्देश।
करनाल 22 जनवरी,
   शहर मे चल रहे विकास कार्य टाईम लाईन में पूरे हों और उनकी गुणवत्ता बरकरार रहे, इस मकसद को लेकर महापौर रेनू बाला गुप्ता ने गुरूवार को नगर निगम अभियंताओं के साथ एक बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और उनकी स्थिति जांची। इस दौरान उन्होंने डी-प्लान, एमपी लैड तथा विधायक निधि स्कीम द्वारा करवाए जाने वाले विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि जितने विकास कार्य चल रहे हैं, वह सभी टाईम लाईन में पूर्ण हों, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। एजेंसी द्वारा प्रयुक्त की जा रही सामग्री की जांच करें। निर्माण कार्य के दौरान सैम्पल लेकर उनकी भी जांच करवाई जाए।
उन्होंने अभियंताओ को स्पष्टï निर्देश देते कहा कि विकास कार्यों में देरी करने पर एजेंसी को नोटिस जारी करें। उसके बाद भी वह काम शुरू करने में देरी करे तो उसे ब्लैक लिस्ट किया जाए। उसकी जगह किसी अन्य एजेंसी को काम देकर उसे करवाया जाए। विकास कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो कार्य 70-80 प्रतिशत से अधिक हो चुके हैं, उन्हें जल्द मुकम्मल करवाया जाए, ताकि नागरिक उनका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य शुरू करने से पहले उसकी फिजिबिलिटी अवश्य चैक की जाए, बिना फिजिबिलिटी जांच कार्य न करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य प्रगति पर चलते रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कोई भी कार्य बीच में रूकना नहीं चाहिए। सभी कार्य निश्चित समयावधि में पूरे होने चाहिएं। उन्होंने कहा कि अभियंता निर्माण कार्यों पर अपनी पूर्ण निगरानी बनाकर रखें। सुपरवाईजर फील्ड में रहें, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यकारी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वह भी विकास कार्यों की निगरानी करें और समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करते रहें।
बैठक में उन्होंने सीवरेज, स्टोरम वाटर निकासी तथा जलापूर्ति से संबंधी चल रहे कार्यों की भी समीक्षा करते कहा कि इनसे सम्बंधित शिकायत आने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए। बैठक में अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार, कार्यकारी अभियंता ओ.पी. करदम व प्रियंका सैनी, तकनीकी विशेषज्ञ सतीश शर्मा के अतिरिक्त सहायक व कनिष्ठï अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *