गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
अम्बाला, 21 जनवरी- उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर आज अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है, जिसे 26 जनवरी को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुचारू एवं सफलतापूर्वक किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पुलिस लाइन मैदान, अम्बाला शहर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रेखा शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी तथा परेड की सलामी लेंगी। उपायुक्त ने समारोह की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में आमजन के साथ-साथ अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवार सहित भाग लें, ताकि राष्ट्रीय पर्व को पुरी भव्यता के साथ मनाया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समारोह में शामिल होने वाली सभी विभागों की झांकियां उत्कृष्ट, आकर्षक एवं समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने नगर निगम द्वारा कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, पुलिस विभाग द्वारा पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने बिजली निगम, लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, लोक संपर्क विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग की जो डयूटी एवं जिम्मेदारियां लगाई गई है उन्हें समयबद्ध करवाने के निर्देश दिएं। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को पुलिस लाइन मैदान, अम्बाला शहर में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व में ही सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि मौसम खराब रहता है अथवा बारिश होती है, तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में अनाज मंडी, अम्बाला शहर में भी समारोह के आयोजन हेतु सभी प्रबंध एवं तैयारियां कि जाएं। इसके साथ उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार किए जाएं तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विराट, एसडीएम दर्शन कुमार, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, नगराधीश अभिषेक गर्ग, डीएसपी विजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव विजय लक्ष्मी, जिला सैनिक बोर्ड से कर्नल श्योराण, डीआईओ शुभम जोधा, डीपीओ मनीषा गागट, डीएचओ सत्यानारायण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
