करनाल, 21 जनवरी।   जिला खेल अधिकारी राजबीर  रंगा ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा शतरंज (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 17  से 26 फरवरी तक  त्यागराज स्टेडियम, आईएनए, नई दिल्ली किया जाएगा। प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य की टीम के लिए चयन ट्रायल 29 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पंचकूला में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में टीम की संरचना 14 सदस्य (06 पुरुष, 06 महिला, 01 मैनेजर और 01 कोच) होगी। उन्होंने बताया कि जिला खेल अधिकारी, पंचकूला को इस चयन प्रक्रिया के लिए कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड  के निर्देशों के अनुसार रक्षा सेवाओं, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और आरपीएफ/सीआईएसएफ जैसे वर्दीधारी कर्मी, स्वायत्त निकायों/उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, दैनिक वेतन भोगी या कैजुअल कर्मचारी, अस्थाई ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी व नए कर्मचारी जिन्होंने नियमित सेवा में 6 महीने का समय पूरा नहीं किया , इन श्रेणियों के कर्मचारी इस प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि चयन स्पर्धा में भाग लेने के लिए आने-जाने का किराया और टी.ए./डी.ए. खिलाड़ी के संबंधित विभाग द्वारा ही वहन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को अपने संबंधित विभाग से इस आशय का प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा कि वे उसी विभाग के नियमित कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के नियमों के अनुसार, ऑल इंडिया सिविल सेवा टूर्नामेंट में जाने वाली टीम में खेल विभाग के अधिकारियों और प्रशिक्षकों की कुल संख्या 10प्रतिशत तक ही सीमित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *