—-
कुरुक्षेत्र पहुंचे पूर्व मंत्री मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने घेरा भाजपा सरकार को
पत्रकारों से रूबरू होते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज भाजपा सरकार ने हरियाणा के हालात बद से बदतर कर दिए हैं। स्कूलों में जाएं तो मास्टर नहीं हैं, अस्तपालों में जाएं तो डॉक्टर नही हैं और कॉलेजों में जाएं तो प्रोफेसर नहीं हैं। हरियाणा के विश्वविद्यालयों में 50 प्रतिशत सैंक्शन पद खाली पड़े हैं। भाजपा ने हरियाणा में शिक्षा को बिल्कुल पछाड़ दिया है। उन्होने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गृह मंत्रालय के सोशल प्रोग्रेसिव इंडेक्स का हवाला देते हुए भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा पूरे देश में सबसे ज्यादा असुरक्षित प्रदेश है। बड़ी दुखद बात है कि हरियाणा में लगभग 60 गैंग ऐसे काम कर रहे हैं जो फिरौती मांग रहे हैं और हत्याएं हो रही हैं। स्थिति ये है कि प्रदेश में हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रदेश में व्यापारी वर्ग हो, किसान वर्ग हो या दुकानदार वर्ग हो, हर कोई अपने आप को असुरक्षित मान रहा है। बेरोजगारी प्रदेश में बहुत तेजी से बढी है। पिछले कुछ सालों में कई सौ उद्योग हरियाणा से पयालन कर गए। यह सरकार प्रदेश में एक भी प्रोजेक्ट लेकर नहीं आई, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। रोजगार देने में 18 में से 14वें नंबर पर हरियाणा है। चुनाव से पहले तो हरियाणा को सबसे गरीब बना दिया और 2 करोड़ 80 लाख में से 2 लाख से 13 लाख बीपीएल बना दिए लेकिन चुनाव होते ही लाखों बीपीएल काट दिए गए। महिलाओं को 2100 रूपए देने की बात पर भी सरकार मुकर रही है और ब्यानों से पलट रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि पंजाबी धर्मशाला में 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। एआईसीसी की तरफ से हरियाणा व उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिलाध्यक्षों को पार्टी की नीतियों, पार्टी के इतिहास, देश के संविधान व मनरेगा समेत अन्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विषय विशेषज्ञों द्वारा जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग दी जा रही है। दोनों प्रदेशों के जिलाध्यक्ष गांवों में जाकर लोगों से भी मिले हैं। उन्होने कहा कि इस कार्यक्रम में राहुल गांधी भी पहुंचेंगें जो जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे व उनके परिवारों से मुलाकात करेंगें। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों में कभी ऐसे हालात नहीं बनें, जो आज बन रहे हैं। कानून व्यवस्था खत्म हो चली है। विधायकों को धमकी मिल रही है। नारनौल में पत्रकार के घर में घुसकर बदमाशों ने मारपीट की, जोकि शर्मनाक है। कांग्रेस के राज में बदमाश प्रदेश छोड़कर भाग गए थे लेकिन अब सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिल रही है। इस मौके पर श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा, पूर्व प्रधान श्याम सुंदर तिवाड़ी, मायाराम चंद्रभानपुर, मेहर सिंह रामगढ़, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष विवेक भारद्वाज डब्बू, जिला कांग्रेस महासचिव टेकचंद बारना, पार्षद मनू जैन, सुभाष पलवल, गुरतेज सेखों, विशाल सिंगला, जिला युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप ढिल्लों, इशान शर्मा, अशोक भारद्वाज, दीपक सिंगला सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
