कुरुक्षेत्र, 17 जनवरी। राष्ट्रसेवा, संस्कार और सहयोग के मूल मंत्र के साथ कार्यरत भारत विकास परिषद, उत्तर क्षेत्र-2 के तत्वावधान में हरियाणा उत्तर प्रांत के आतिथ्य में ‘अमृत मंथन’ क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन-2026 का भव्य आयोजन रविवार, 18 जनवरी 2026 को किया जा रहा है। यह सम्मेलन प्रातः 10.00 बजे से श्रीमद्भगवद्गीता सदन (यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम), कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में पूरे उत्तर क्षेत्र से लगभग 2500 कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है ।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा होंगे, जो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में सामाजिक संगठनों की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में सानिध्य एवं मार्गदर्शन भारत विकास परिषद के माननीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन द्वारा प्रदान किया जाएगा, जिनका मार्गदर्शन परिषद की भावी कार्ययोजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद, उत्तर क्षेत्र-2 के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. परमजीत पाहवा करेंगे। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी विजय कंसल (पुंडरी) तथा दीपक बंसल (कुरुक्षेत्र) उपस्थित रहेंगे, जो अपने सामाजिक अनुभवों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
इस क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्देश्य परिषद के कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक मजबूती तथा सेवा, सहयोग और संस्कार आधारित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक समीक्षा, आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर मंथन किया जाएगा, इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र शाखा के सचिव बलजीत चावला ने जानकारी दी कि इस सम्मेलन में उत्तर क्षेत्र-2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, शाखा प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने सभी आमंत्रित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। प्रमुख दायित्वधारी राकेश शर्मा, जियालाल बंसल, दीपक राय आनंद, महेंद्र कुमार शर्मा, अनुज अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अतुल गोयल, नीरज शर्मा, मनीष मलिक, विजयंत बिंदल, डॉ. ममता सचदेवा, डॉ. नीलम ढांडा, बलजीत चावला, डॉ. दीपक राय बब्बर सहित मैत्रेयी शाखा के सभी व्यवस्था प्रमुख व अन्य सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *