व्हीलचेयर फ्रेंडली होंगे पार्क, विशेष प्रकार के लगेंगे झूले, दिव्यांग बच्चों को खेलने, सीखने और समुदाय के साथ जुडऩे का मिलेगा मौका।
करनाल 8 जनवरी, शहर के दिव्यांग बच्चे भी अब पार्कों में खेलते-कूदते नजर आएंगे। वे न केवल सैर कर सकेंगे, बल्कि झूले झूल सकेंगे और व्यायाम भी कर सकेंगे। वे पार्क में आराम से पगडंडियों पर भी चले सकेंगे। इसके लिए नगर निगम करनाल शहर के तीन बड़े पार्कों को अति आधुनिक पार्क (अल्ट्रा मॉड्रन पार्क) में विकसित करने जा रहा है। इन्हें व्हीलचेयर फ्रेंडली डेवलप किया जाएगा, ताकि पार्क में आने वाले दिव्यांगों को घूमने-फिरने में किसी भी तरह से कोई परेशानी न हो सके। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि इस तरह के पार्कों में चौड़े रास्ते, रैम्प और आसान साइनेज होते हैं, ताकि व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण आसानी से चल सकें। ऐसे झूले और खेल के सामान लगाए जाते हैं, जो शारीरिक रूप से अक्षम बच्चे भी अन्य बच्चों के साथ खेल सकें। यह पार्क सभी क्षमताओं के बच्चों को एक साथ खेलने, सीखने और समुदाय के साथ जुडऩे का मौका देते है।
यह पार्क किए गए हैं शामिल- उन्होंने बताया कि अति आधुनिक पार्क में शहर के तीन बड़े पार्कों को शामिल किया गया है। इनमें सेक्टर-13 स्थित श्री राम वाटिका पार्क, काछवा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क तथा सेक्टर-7 के मकान नम्बर 2106 के नजदीक मौजूद पार्क को विशेष तौर पर दिव्यांग बच्चों के लिए विकसित किया जाएगा। इन पार्कों को विकसित करने पर करीब 1 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी जा चुकी है, जल्द ही इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी जाएंगी।
21 प्रकार के लगेंगे झूले व उपकरण- उन्होंने बताया कि इन पार्कों में करीब 21 प्रकार के झूले व उपकरण लगाए जाएंगे। इनमें ईपीडीएम ट्रैक, सिट एन स्टीकर स्विंग, चीरफूल चर्न, सी-सा, फिशी फनी सी-सा, ड्यूट, व्हीलचेयर, प्लेफुल पैनल, शो-शो पैनल, गोन्डोला स्विंग, आर्म रिवोल्व एसिस्ट, मैरी गो एडाप्ट, एफ आर पी गैजिबो, मैरी गो हाहा, हैरसिस हारमनी, फैंटासिआ फन, क्लाईंब क्रेजी कारटल, स्विंग, मिनी स्पाईरल स्लाईड, स्मॉल वंडर प्ले तथा चॉ टॉ शामिल किए गए हैं। इससे इन पार्कों का सौंदर्यीकरण भी बेहद आकर्षक होगा।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए अति आधुनिक पार्क एक ऐसा समावेशी स्थान है, जहां सभी बाधाओं का दूर किया जाता है, ताकि दिव्यांगजन बिना किसी रूकावट के खेल-कूद व मनोरंजन कर सकें। इसमें वह व्हीलचेयर फ्रेंडली रास्ते तथा विशेष प्रकार के झूलों का प्रयोग कर आनंद ले सकेंगे, जो उन्हें अन्य बच्चों और समुदाय के साथ घुलने-मिलने का अवसर प्रदान करता है।
