गुरुग्राम में बजट पूर्व परामर्श बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत करके उद्यमियों के संग संवाद किया। इस अवसर पर पटौदी से विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और आगामी राज्य बजट में इस क्षेत्र पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा बजट पेश करना है जो अधिक से अधिक रोजगारपरक और उद्योगों के अनुकूल हो, ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा सके। सीएम सैनी ने कहा कि हमारी सरकार बजट निर्माण की प्रक्रिया को बंद कमरों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि सभी हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है। हरियाणा विज़न 2047 के लक्ष्य के साथ गुरुग्राम में आयोजित की गई ‘प्री बजट कंसल्टेशन बैठक’ प्रदेश के आर्थिक भविष्य को सशक्त बनाने का एक साझा प्रयास है। बजट पूर्व परामर्श बैठकों के जरिए हितधारकों से सुझाव लेकर नीतियों को और सशक्त बनाया जाता है।
