इंद्री क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार यानी डीटीपी विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच कॉलोनियों को ध्वस्त किया। इस दौरान कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों और बिछाई गई सीवरेज पाइप लाइनों को पूरी तरह तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मार्केट कमेटी सचिव जसबीर मौजूद रहे, जबकि किसी भी विरोध की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। दिनभर चले इस अभियान में बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को गिराया गया। जानकारी के अनुसार गांव फाजिलपुर में लगभग दो एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। वहीं अनाज मंडी के सामने सेलर भूमि पर करीब साढ़े तीन एकड़ में विकसित हो रही कॉलोनी में बिछी सीवरेज पाइपलाइन को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। बताया गया कि ऊंची बाउंड्री होने के कारण यह कॉलोनी लंबे समय तक प्रशासन की नजर से बची रही।डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि कुछ कॉलोनाइजर फुल पेमेंट एग्रीमेंट के नाम पर लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। ऐसे कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी और कॉलोनियों में चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
