-समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पांच दिवसीय लाइफ स्किल विकास शिविर का किया आयोजन
कुरुक्षेत्र, 7 जनवरी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कसीथल के प्राध्यापक दलेर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन कौशल, करियर जागरूकता, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास का विकास करने ही इन शिविरों का उद्देश्य है। इन शिविरों का आयोजन राज्य परियोजना निदेशक हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला के अनुसार आयोजित किए गए हैं। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पांच दिवसीय लाइफ स्किल विकास शिविर का आयोजन किया गया। पांच दिनों तक शिविर में विद्यालय के 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों के लिए विविध और उपयोगी गतिविधियां करवाई गई। इनमें रोल मॉडल से संवाद, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले जैविक एवं मानसिक परिवर्तन, प्रगतिशील व जैविक खेती, अंग्रेजी एवं मातृभाषा में संचार कौशल, समूह गतिविधियां, स्वास्थ्यवर्धक वातावरण, महिलाओं में एनीमिया, बागवानी, मोमबत्ती निर्माण (साधारण, परफ्यूम, जेली व तैरती मोमबत्ती), आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास निर्माण, मानसिक स्वास्थ्य, मनोवैज्ञानिक एवं शारीरिक समस्याओं पर जागरूकता, मित्र क्लिनिक, डाक सेवाएं, बचत खाता, पीपीएफ, आईपीओ, पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, पेपर मेसी व ओरिगेमी कला, अखबार से फूल व मिट्टी के बर्तन बनाना, जैम-जेली व अचार बनाना, सलाद तैयार करना, डाइनिंग टेबल सज्जा व टेबल मैनर्स, सौंदर्य एवं कल्याण, बैंकिंग व ई-बैंकिंग, मिट्टी मॉडलिंग, दीया सज्जा, ग्लास पेंटिंग, ग्रीटिंग कार्ड, उपहार रैपिंग, तेल व कपड़े पर चित्रकला, रोगी देखभाल सहायक, स्वास्थ्य देखभाल तथा प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण जैसी अनेक गतिविधियां शामिल रहीं। इन गतिविधियों का संचालन विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं संसाधन व्यक्तियों द्वारा किया गया, जिनमें ज्योतिषमा, डॉ. सतविंदर, स्वाति, डॉ. धर्मपाल, डॉ. निखिल, उर्वशी, रितिका अरोड़ा, स्मृति शर्मा, गौरव, साहिल कुमार, हेमंत, हरपिंदर एवं दामिनी के नाम प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि शिविर का विद्यार्थियों पर सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता, सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा उनके संप्रेषण एवं व्यक्तिगत कौशल सशक्त हुए हैं। कार्यक्रम का निरीक्षण एपीसी कृष्णा द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों द्वारा की गई विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। यह शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ। शिविर के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सुनीता देवी, सदस्य बलजीत सिंह, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *