विधानसभा अध्यक्ष ने घरौंडा हलके को करीब 4 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की दी बड़ी सौगात
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने करीब 4 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का किया उद्घाटन व शिलान्यास
करनाल, 27 दिसंबर।
 हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को घरौंडा के गांवों अलीपुर खालसा, फरीदपुर और कलहेड़ी में 4 करोड़ 4 लाख 75 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गांव अलीपुर खालसा में 65 लाख रुपए की लागत से बनने वाले परशुराम भवन  और 65 लाख रुपए की कीमत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल में एडिशनल हॉल का शिलान्यास किया। इसके पश्चात उन्होंने गांव फरीदपुर में 80 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल का शिलान्यास, 35 लाख रुपए से बनी लाइब्रेरी और 57 लाख रुपए की लागत से जोहड़ के सौंदर्यीकरण के कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही गांव कलहेडी में 11.73 लाख की लागत से बनी लाइब्रेरी, 10.70 लाख से बनी वाल्मीकि चौपाल, 5 लाख रुपए से रोड़ चौपाल का रिनोवेशन का उद्घाटन व 65 लाख की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल का शिलान्यास किया।
अपने संबोधन में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण ने कहा कि घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में महिला हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन हॉलों के बनने से ग्रामीण महिलाओं को भजन-कीर्तन, सत्संग और अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित और साझा स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अलीपुर खालसा गांव की सभी जायज मांगों को पूरा किया जाएगा। गांव में जल निकासी और फैक्ट्रियों से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी का जल्द समाधान किया जाएगा। सरकार द्वारा एक विशेष संयुक्त प्रोजेक्ट लगाया जाएगा जिससे पूरे क्षेत्र की जल निकासी को एक ही स्थान पर सुनिश्चित कर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। गांव और परिवार की खुशहाली के लिए हर स्तर पर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आप सबने जो प्यार और आशीर्वाद मुझे दिया है, मैं उस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करूँगा। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही मेरी प्राथमिकता है और सभी अधूरे कामों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाएगा।
 बच्चे ही हमारी असली पूँजी
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों (लाइब्रेरी) का निर्माण बच्चों को पढ़ाई का सकारात्मक वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारी सबसे बड़ी कमाई हैं और उन्हें योग्य व काबिल बनाना ही समाज की असली प्रगति है।लाइब्रेरी बनने से बच्चों का मन पढ़ाई की ओर आकर्षित होता है। उन्होंने कहा कि इन पुस्तकालयों में केवल भवन ही नहीं, बल्कि बच्चों की जरूरत का हर आधुनिक सामान और संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को काबिल बनाएं और उन्हें सही-गलत की पहचान सिखाएं।
मेहनत का सम्मान,बिना खर्ची-पर्ची की सरकार
श्री कल्याण ने कहा कि आज की सरकार में केवल पढऩे वाले और मेहनत करने वाले बच्चों को उनका अधिकार मिल रहा है। नौकरियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बच्चों को मेहनत के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें। नशे की कुरीति को त्याग कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।
 स्वच्छता के लिए युवाओं का आह्वान
गांवों की सामाजिक व्यवस्था को सुधारने के लिए उन्होंने एक अनूठी पहल का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हर गांव में नौजवानों के ऐसे ग्रुप होने चाहिए जो सप्ताह में कम से कम एक घंटा गांव की सफाई व्यवस्था को दें। उन्होंने कहा कि गांव हमारा परिवार है और अपने परिवार के परिवेश को स्वच्छ रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
घरौंडा के विकास के लिए अटूट प्रतिबद्धता
श्री कल्याण ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के संवैधानिक पद पर होने के नाते उन्हें देश की विभिन्न विधानसभाओं और कार्यक्रमों में जाना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद घरौंडा की जनता और यहां का विकास उनकी प्राथमिकता है। वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूरा समय सुनिश्चित करते हैं और गांव से संबंधित सभी जायज मांगों को हर हाल में पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश सोनी, सरपंच मनोहर लाल, पूर्व सरपंच नरेश मिगलानी, वाइस चेयरमेन सुनील मिगलानी, पंचायत मेंबर जगदीश, मेघराज, विश्वास शर्मा, मास्टर पृथ्वी सैनी, बाबूराम, रामनिवास शर्मा, प्रवीण शर्मा, मांगे राम, बलजीत कुमार, सुरेंद्र कुकरेजा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *