कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है और इस प्रदेश के नागरिकों की ही नहीं पूरे देश के अन्न भंडारण में हरियाणा के अन्नदाता किसान का अहम योगदान रहा है। इसलिए सरकार अन्नदाता किसान की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर रही है। इतना ही नहीं हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम निर्धारित मूल्यों पर खरीदा जा रहा है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शुक्रवार को देर सायं सेक्टर 7 में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सभागार में हरियाणा किसान संघ से जुड़े किसानों संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा किसान संघ व संगठन मंत्री सुरेन्द्र, प्रदेशाध्यक्ष किसान संघ सतीश चिकारा, राजवीर चौहान, विशाल शर्मा सहित प्रदेश भर से आए किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से किसानों के हित, समस्याओं और मांगों को लेकर करीब 3 घंटे सीधा संवाद किया और इस संवाद के दौरान किसान संघ की तरफ से 17 मांगों को रखा गया। इनमें से 15 मांगों को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पूरा करने का काम किया। बाकी 2 मांगों को विचार विमर्श के बाद पूरा करने का काम किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हित के लिए किसान संघ के पदाधिकारियों ने खाद वितरण, जलभराव की निकासी, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य स्कीमों पर, जो सुझाव दिए है उन पर अमल किया जाएगा। उन्होंने कृषि स्टैग योजना का फायदा उठाने के लिए किसानों से अपील की है कि किसान जल्द से जल्द किसान पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं। इसके लिए कृषि विभाग की तरफ से शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान ट्रांसफार्मर व बिजली की तारों की चोरी को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगवाई जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों के हित के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। इस सरकार ने किसानों की सभी फसलों पर एमएसपी पर खरीदने का ऐतिहासिक फैसला किया। इस फैसले से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस सरकार ने मुआवजे की राशि देने में देरी नहीं की है। यह सरकार हर योजना का लाभ किसानों को सीधे दे रही है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद ने मेहमानों का स्वागत करते हुए सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर कुरुक्षेत्र 48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के पूर्व चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा किसान संघ की 17 में से 15 मांगों को किया पूरा, 2 मांगों पर किया जाएगा विचार विमर्श, कृषि मंत्री ने 3 घंटे किसानों के साथ किसान हित की योजनाओं पर की चर्चा, सरकार किसानों के सुझावों पर करेगी कार्य
सोनिका वधवा
