डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल एवं युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नो नशा नेशन’ व ‘100 कुंडीय हवन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन
कुरुक्षेत्र, 13 दिसंबर। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग तथा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र तथा आर्य युवा समाज द्वारा संयुक्त रूप से ‘नो नशा नेशन’ तथा ‘100 कुंडीय हवन’ कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन शनिवार को धरोहर हरियाणा संग्रहालय के सामने स्थित लॉन में किया गया। यह कार्यक्रम समाज को नशा-मुक्त बनाने तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर डी.ए.वी. स्कूल की प्राचार्या श्रीमती गीता जसूजा को कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व उनकी धर्मपत्नी डॉ. ममता सचदेवा द्वारा यज्ञ समापन अवसर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा सामाजिक बुराइयों के निवारण में सहायक है। नशा आज युवाओं के लिए एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करना व सामूहिक प्रार्थना से सकारात्मक राष्ट्र उर्जा का निर्माण करने की आवश्यकता है। ‘नो नशा नेशन’ जैसे अभियान युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलपति प्रो. सोमनाथ ने कहा कि युवा पीढ़ी को सत्कर्म और सदाचार की राह पर लाना है। घर-घर जागरण और सामाजिक जिम्मेदारी का निर्माण करना है। सभी को वैदिक जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा देने की जरूरत है। कार्यक्रम में सभी ने नशा न करने की शपथ भी ली कि हम खुद को बचांएगे, दोस्तों को जगाएंगे। नो नशा कहकर आगे बढ़ जाएंगे। हमारा जिला, हमारा राज्य, हम ही बदलेंगे आज, नो नशा नेशन का सपना हम मिलकर सच बनाएंगे।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने 100 कुंडीय हवन को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भाव, शांति और नैतिक मूल्यों का प्रसार होता है व वातावरण में पवित्रता एवं सकारात्मकता आती है। इन आयोजनों से चरित्र और संस्कारों का विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 100 कुंडीय हवन संपन्न कराया गया, जिसमें कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, डॉ. ममता सचदेवा, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल, प्राचार्या श्रीमती गीतिका जसूजा, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. प्रीति जैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने आहुति डालकर नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। हवन के माध्यम से पर्यावरण शुद्धि, सामाजिक चेतना और राष्ट्र कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में विकास रल्हन ने वैदिक भजन की प्रस्तुति कर सबका मन मोहा।
कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक, रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने भी नशा विरोधी संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक किया।
डीएवी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती गीता जसूजा ने कहा कि यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल के रूप में यादगार रहा, बल्कि नशा-मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त करने वाला सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *