ऊंचा समाना में 100 कुण्डीय हवन आयोजित
करनाल, 7 दिसंबर।
 डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन द्वारा आर्य युवा समाज के तत्वावधान में आज गांव ऊंचा समाना के शिव मंदिर में योगी सूरी के मार्गदर्शन में सौ कुण्डीय हवन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ‘नो नशा-नेशन रैली’ भी आयोजित की गई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और उन्होंने युवाओं को नशाखोरी से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को रूचि अनुसार सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।
श्री कल्याण ने कहा कि समाज में खासकर युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है जो चिंता का विषय है। नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को बुरी तरह से प्रभावित करता है। यह न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि परिवार व समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का खेलों अथवा रूचि अनुसार अन्य गतिविधियों में लगानी चाहिए।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन, हरियाणा पुलिस तथा नारकोटिक्स सेंट्रल ब्यूरो ने मिलकर प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसी के तहत आज स्कूल के सभी कर्मचारियों और विद्यार्थियों द्वारा गांव ऊंचा समाना में नशे का सेवन न करने के लिए रैली निकाली गई।  रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशा-विरोधी नारे लगाए और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देना, समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना तथा नशे के विरुद्ध जन जागरण फैलाना था।
नशे के खिलाफ इस अभियान में अर्जुन अवार्डी डीएसपी गीतिका जाखड़,  हरियाणा पुलिस की ओर से दीपक और मोहित भी शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य  संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और युवा पीढ़ी नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। इस आयोजन को सफल बनाने में शिव मंदिर कमेटी ऊंचा समाना और ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।
इस मौके पर इंस्पेक्टर संतोष वशिष्ठ, नरेंद्र गोस्वामी, अमरजीत राणा, जतिंद्र राणा, पवन सैनी, सुनील गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर दादुपुर गांव में भी आज 100 कुण्डीय वैदिक हवन यज्ञ व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य अरूण वर्मा के अनुसार इस मौके पर युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों द्वारा भजन व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *