निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, सार्वजनिक स्थानों से आवारा पशु हटाने के दिए निर्देश।
करनाल 3 दिसंबर, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने पुन: कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ विभिन्न विषयों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025, अवैध पशु डेयरी सील, आवारा पशु, बल्क वेस्ट जेनरेटर्स की चैकिंग, सी. एंड डी. वेस्ट प्लांट तथा पशुओं की टैगिंग जैसे बिन्दू शामिल थे।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 पर करें फोकस- निगमायुक्त ने अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार को निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 पर पूरा फोकस किया जाए। इसे लेकर क्या-क्या किया जाना है एक एक्शन प्लान तैयार कर उस पर काम शुरू करें। उन्होंने कहा कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम में नगर निगम करनाल को पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य रखें।
अवैध पशु डेयरी करें सील- उन्होंने उप निगमायुक्त अभय सिंह व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा को निर्देश दिए कि शहर में अवैध रूप से चल रही पशु डेयरियों को सील किया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने जल्द एक बड़ी कार्रवाई करने को कहा। सफाई निरीक्षक संबंधित जोन में चल रही अवैध डेयरियों पर नजर रखेेंगे। पशु डेयरी शिफ्टिंग को लेकर भी निगमायुक्त ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी डेयरियों से शहरवासियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है।
सार्वजनिक स्थानों व सडक़ों से हटेंगे आवारा पशु- उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक (सी.एस.आई.) को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थान, सडक़ें, नेशनल हाईवे, शिक्षण संस्थान, अस्पताल व मार्केट क्षेत्र से आवारा पशुओं को हटाया जाए। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने फूसगढ़ गौशाला में मौजूद सभी गायों व नंदियों को टैग लगवाने के भी निर्देश दिए।
बल्क वेस्ट जेनरेटर्स की करें चैकिंग- उन्होंने सी.एस.आई. को निर्देश दिए कि शहर में जितने भी बल्क वेस्ट जेनरेटर हैं, कचरा निस्तार प्रबंधंन को लेकर सभी का निरीक्षण करें। इस दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले के खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाए।
शिकायतों का समय पर हो निपटान- उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छ सिटी एप पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायत का निश्चित अवधि में समाधान न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
सी. एंड डी. वेस्ट के लिए लगेगा प्लांट- उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र से निकलने वाले कंस्ट्रक्शन एंड डैमोलिशन (सी. एंड डी.) वेस्ट के निस्तारण के लिए गांव दहा में एक प्लांट लगाया जाएगा। इसकी क्षमता 15 टन प्रति दिन (टी.पी.डी.) की रहेगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा टैण्डर लगाया गया है, जल्द ही उचित एजेंसी का चयन कर प्लांट निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
नियमित करें पानी का छिडक़ाव- उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यावरण प्रदूषण के स्तर को कम रखने के लिए पानी का छिडक़ाव नियमित तौर पर करवाते रहें। कार्यकारी अभिंयता ओ.पी. करदम ने बताया कि इसके लिए शहर में दो ट्रैक्टर-ट्राली लगाई गई हैं, जो एस.टी.पी. से उपचारित जल का सडक़ों पर छिडक़ाव कर रही हैं। इसके अतिरिक्त सभी मुख्य सडक़ों की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से करवाई जा रही है।
