तरक्की के लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र रास्ता: कल्याण
करनाल, 3 दिसंबर। 
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा के देवी अहिल्याबाई होलकर कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करीब 50 लाख रुपए की लागत से बने बहुउद्देशीय हाल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जीवन में तरक्की के लिए हर विद्यार्थी को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व स्वागत गीत से की गई। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ भेंट किया गया। 86.5 फुट लंबे गुणा 36 फुट चौड़े बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण हरियाणा शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से कराया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे चाहते हैं कि हर छात्र-छात्रा तरक्की कर नई मंजिल हासिल करे। इसके लिए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी होगी। शॉर्टकट सफलता का रास्ता नहीं है। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम गरीब परिवार से थे। वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गरीब  परिवार से हैं। लेकिन इन हस्तियों ने कड़ी मेहनत के बल पर नए मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने छात्राओं से वादा किया कि वार्षिक उत्सव में उन द्वारा रखी जाने वाली मांग को पूरा किया जाएगा। श्री कल्याण ने छात्राओं की रिफ्रेशमेंट के लिए 21000 हजार रुपए देने की घोषणा की। खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल की टूटी खिड़कियों व दरवाजों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में श्री कल्याण ने कहा कि आज छात्राओं में जो हौसला देखने को मिला, वही भविष्य में उन्हें आगे लेकर जाएगा। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि वे चाहते हैं कि वार्षिक उत्सव में अधिक से अधिक बच्चे भाग लें। इससे उनमें आत्मविश्वास पैदा होता है। हमें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए विद्यार्थियों को संस्कारी बनाना है। वे पढ़ाई -लिखाई से संबंधित बच्चों की हर जरूरत को पूरा करने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश सोनी, बीईओ रविंद्र कुमार, प्रिंसिपल परमजीत, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, सीमा व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *