करनाल, 1 दिसंबर। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि आवारा कुत्तों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा  जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त आज  यहां  जिला सचिवालय सभागार में आवारा कुत्तों को लेकर सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना के लिए मिशन मोड   में कार्य करें। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, खेल परिसरों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि स्थानों पर आवारा कुत्तों का प्रवेश नहीं होना चाहिए। इस कार्य में सभी विभाग अपना नोडल अधिकारी नियुक्त करें। आवारा कुत्तों को पकडऩे, उनकी नसबंदी करने, डॉग शैल्टर तैयार करने तथा उनकी गणना जैसे कार्य जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि गांवों में पंचायतों के माध्यम से इस कार्य को कराया जाए । उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सभी स्कूलों के प्राचार्यों व मुख्य अध्यापकों को निर्देश जारी करें कि उनके परिसर पर कोई भी आवारा कुत्ता प्रवेश न कर पाए। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवारा कुत्तों को पकडऩे, उनकी नसबंदी करने, उन्हें रखने तथा उनके लिए उचित आहार की व्यवस्था करें। बैठक में नगर निगम के डीएमसी अभय सिंह, डीडीपीओ कंचनलता, रोडवेज जीएम कुलदीप के अलावा स्वास्थ्य, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, सिंचाई व शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *