देश की प्रगति को जनता तक पहुंचाने का माध्यम है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम : अनिल विज
अम्बाला/चंडीगढ़, 30 नवंबर — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक महीने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश की जनता से सीधे संवाद स्थापित कर महत्वपूर्ण व ज्वलंत मुद्दों, भारत की उपलब्धियों और सामयिक विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं।
‘मन की बात’ कार्यक्रम को देखने एवं सुनने के उपरांत पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री विज ने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी ने विशेष रूप से खेल और खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए युवाओं को सकारात्मक शक्ति में लगने और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
श्री विज ने कहा कि हरियाणा के लिए यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कुरुक्षेत्र स्थित गीता नगरी की अपनी हालिया यात्रा के अनुभव भी देशवासियों के साथ साझा किए।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध संस्कृति, विकास यात्रा और जन-जन की भावनाओं का दर्पण है, जिसके माध्यम से पूरे देश का परिचय जनता को कराया जाता है। इससे पहले आज ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी महेशनगर में बूथ नंबर 96 में भाजपा नेता महेंद्र सेठी व सुरेंद्र सेठी के निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, भाजपा नेता जसबीर सिंह जस्सी, संजीव वालिया, विपिन खन्ना, पुनीत सरपाल, दीपक भसीन, गुरिंद्र सिंह, अनुशम गर्ग, अनिल बहल, तरुण सेठी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
