कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में परिवादों का किया निपटारा। कहा नगरपरिषद शहर में अपनी जमीन की निशानदेही करवा कर चारदीवारी करवाए। एक परिवाद में सेवानिवृत्त तहसीलदार को चार्जशीट करने के निर्देश दिए। राजस्व एवं शहरी मंत्री विपुल गोयल ने जिला कष्ट निवारण समिति में दिए निर्देश।
हरियाणा के शहरी निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने बाल भवन सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आज 14 परिवादों की सुनवाई करते हुए 11 का मौके पर ही निपटारा कर दिया। उन्होंने रेवाड़ी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि शहर में अपनी भूमि की निशानदेही करवा कर उसकी चारदीवारी करवाने के लिए शीघ्र टेंडर लगाए जाएं। राजस्व मंत्री के साथ इस बैठक में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, डीसी अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेंमेंद्र मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव सहित अनेक अधिकारी, कष्ट निवारण समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार के शहरी मंत्री विपुल गोयल के समक्ष दारा सिंह ने शिकायत रखी कि नयागांव दौलतपुर में नगर परिषद की जमीन पर कुछ दबंग किस्म के लोगों ने अवैध कब्जा किया हुआ है। जिसको अभी तक पूरी तरह से हटवाया नहीं गया है। यह मामला कमिश्नर कोर्ट में विचाराधीन है। राजस्व मंत्री ने कहा कि मामले में एमसी की पैरवी के लिए एक अधिकारी नियुक्त किया जाए। साथ ही ईओ एमसी शहर में परिषद की भूमि को चिन्हित कर उनकी चारदीवारी करवाए। जिस जमीन का निर्णय हो चुका है, उसकी चार दीवारी करवाने के लिए सात दिन के टेंडर लगाए जाएं।
बैठक में सनसिटी के निवासियों की पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर राजस्व मंत्री ने निर्देश दिए कि जब तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से इस कालोनी में पानी की व्यवस्था नहीं हो पाती तब तक बिल्डर शुद्घ जलापूर्ति यहां के निवासियों को देना सुनिश्चित करे। अगर पानी में टीडीएस की मात्रा अधिक पाई गई तो बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर योजनाकार विभाग के जिस अधिकारी ने पूर्व में बिल्डर को ओसी सर्टिफिकेट दिया था, उसे रुल 7 के चार्जशीट किया जाए। गांव रतनथल में एक भूमि विक्रय के मामले में राजस्व मंत्री ने तत्कालीन तहसीलदार को चार्जशीट करने व जमीन का सौदा करने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। गांव बालधन खुर्द निवासी रिछपाल ने शिकायत दी कि उनके खेत की जमीन के समीप अवैध रूप से सात-आठ फुट तक मिट्टी की खुदाई कर ली गई है। इस मामले में राजस्व मंत्री ने एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार, बावल के एसडीएम मनोज कुमार, कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव, नगराधीश जितेंद्र कुमार, नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, भाजपा के जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, रत्नेश बंसल, प्रवीण शर्मा, गौरव शर्मा, राजकुमार चेयरमैन कतोपुरी सहित अनेक मौजिज व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *