वीएलसीसी के सौंदर्य प्रसाधन कोर्सों के लिए रिबन काटकर मुहूर्त किया गया
कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में पहुंचकर सांसद नवीन जिन्दल और नव्या नवेली नंदा छात्रों से रूबरू हुए।
सोनिका वधवा
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में नवीन अवसर के तहत निमाया फाउंडेशन और नवीन जिन्दल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जाने वाले नये कोर्स जेनएआई रेडी नारी में महिलाओं को सशक्त बनाया जाएगा। आज इसके लांचिंग कार्यक्रम से पूर्व सांसद नवीन जिन्दल और निमाया की ओर से फाउंडर नव्या नवेली नंदा व को-फाउंडर सम्यक चक्रवर्ती, कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर के प्रांगण में पहुंचे। इस अवसर पर वीएलसीसी के सौंदर्य प्रसाधन कोर्सों के लिए रिबन काटकर मुहूर्त भी किया गया। संस्थान द्वारा संचालित अनेक कोर्सों के विद्यार्थियों ने वहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया। स्किल सेंटर में जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने जर्मन लैंग्वेज में गीत गाकर उनका स्वागत किया। कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में 100 से अधिक युवा कुरुक्षेत्र के स्किल सेंटर में जर्मन लैंग्वेज का कोर्स कर रहे हैं। सांसद नवीन जिन्दल ने अतिथियों को संस्थान का दौरा करवाते हुए वीएलसीसी के सौंदर्य प्रसाधन कोर्स, जर्मन लैंग्वेज, बैंकिंग, और एआई कोर्सेज के क्लासरूम भी दिखाए।
इस वसर पर संस्थान में नवसंचालित एआई कोर्स के बच्चों को किट भी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर द्वारा चलाए जा रहे कोर्सेज युवाओं को आधुनिक दौर की चुनौतियों का सामना करने हेतु मजबूत बनाने का काम कर रहा है। संस्थान के बढ़ते कदम से कदम मिलाने के लिए आज निमाया फाउंडेशन भी हमारे साथ जुड़ गया है। संस्थान की लैब और छात्रों की दी जाने वाली सुविधाओं को देखकर नव्या नवेली नंदा ने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं के लिए खास तौर पर महिलाओं के लिए हम भी जेन एआई रेडी नारी कार्यक्रम आज आरंभ करने जा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. मनीष मिश्रा, कर्नल अरुण चंदेल, अभिषेक सहगल, अमित ररांगटा, तान्या काला और अन्य संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे।
