उत्पन्ना एकादशी पर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया
करनाल, 15 नवंबर () : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में उत्पन्ना एकादशी बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में कीर्तन का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। करनाल सहित आसपास के बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने संकीर्तन में पहुंचकर भजनों का आनंद उठाया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पंडित दीपक पांडे ने बताया कि हर साल उत्पन्ना एकादशी का व्रत मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी पर रखा जाता है। इसी दिन उत्पन्ना एकादशी माता का जन्म हुआ था। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से सभी दुखों का नाश होता है और साधक को मोक्ष की प्राप्ति होती है। ऐसा माना जाता है कि यदि व्यक्ति उत्पन्ना एकादशी का व्रत रखता है, तो उसे व्रत कथा का पाठ जरूर करना चाहिए, तभी व्रत सफल होता है।
श्री खाटू श्याम मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि हर एकादशी पर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। करनाल सहित दूर-दराज़ से श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
