उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने 42 लाख रुपए की लागत से बाबैन में तैयार आधुनिक कचरा शेड का किया शुभारंभ
कूड़ा उठाने, सड़कों की लाइट, सफाई के लिए जी.आई.एस. युक्त स्वच्छ हरियाणा सिटीजन मोबाइल ऐप का किया जा रहा है उपयोग
बाबैन/लाडवा, 6 नवंबर। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान देश भर में राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में शुरू किया था। इस अभियान के तहत स्वच्छ भारत की परिकल्पना को साकार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री के अभियान को आगे बढ़ाते हुए हम जिस ‘आधुनिक कचरा शेड’ का आज उद्घाटन कर रहे हैं, वह हमारे गांव की जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। यह पहल न केवल गांव के स्वरूप को बेहतर बनाएगी, बल्कि हमारे सोचने, समझने और जीने के ढंग को भी नया आयाम देगी। स्वच्छता एक संस्कार है, जो हमारे जीवन के हर पहलू से जुड़ा है।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी वीरवार को बाबैन में तैयार किए आधुनिक कचरा शेड के शुभारंभ अवसर पर बोल रही थी। उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने रिबन काटकर का शुभारंभ किया। आधुनिक कचरा शेड को 42 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। उपाध्यक्ष सुमन सैनी का मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, सरपंच संजीव सिंगला ने पुष्प कुछ देकर स्वागत किया।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि आप सबके बीच यहां आकर अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। यह गांव आज स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई पहल करने जा रहा है। यह आधुनिक कचरा शेड उसी सोच की सजीव मिसाल है। यह दिखाता है कि जब सरकार और जनता साथ चलें, तो हर असंभव कार्य संभव हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज बाबैन गांव ने यह साबित कर दिया है कि अगर इच्छा हो और सामूहिक प्रयास हों, तो परिवर्तन संभव है। इस आधुनिक कचरा शेड की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जा सकेगा।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि अगर गांव की हर महिला यह ठान ले कि घर का कचरा सही स्थान पर ही फेंका जाएगा, बच्चों को स्वच्छता का पाठ सिखाया जाएगा तो पूरा गांव एक आदर्श बन जाएगा। उन्होंने सभी माताओं-बहनों से आग्रह करते हुए कहा कि वे स्वच्छता की इस मुहिम की अगुवाई करें। आपके छोटे-छोटे कदम, जैसे घर में सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग रखना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना और अपने आसपास साफ-सफाई रखना। ये कदम हमारे गांवों के लिए मिसाल बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जितना देती है, उसका हम एक छोटा हिस्सा भी लौटा नहीं पाते। ऐसे में अगर हम कचरे का सही प्रबंधन करें, पानी की बचत करें, पेड़-पौधे लगाएं तो यही हमारी सच्ची पूजा होगी।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने ‘स्वच्छ हरियाणा स्वस्थ हरियाणा’ के संकल्प के साथ हर गांव, हर शहर में कूड़े-कचरे के प्रबंधन, जल निकासी की सही व्यवस्था, सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, सड़कों की लाइट, सड़कों की सफाई और नालों की सफाई के लिए जी.आई.एस. युक्त स्वच्छ हरियाणा सिटीजन मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने गांव पंचायत, अधिकारियों, सफाईकर्मियों और सभी नागरिकों का धन्यवाद किया। सरपंच संजीव सिंगला ने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि व सभी अतिथियों का स्वागत किया और मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, सरपंच संजीव सिंगला, बीडीपीओ रूबल, राजकुमार बेदी, वंदना गोरी, छबेग सिंह बाबैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
