कचरा मुक्त शहर बनाने के लक्ष्य को लेकर करें कार्य, जागरूकता गतिविधियों को दें बढ़ावा- रेनू बाला गुप्ता, महापौर।
करनाल 4 नवंबर,
           स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत नगर निगम करनाल के अंतर्गत आने वाली नगर पालिका क्षेत्रों में सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिाकाओं के दौरे शुरू हो चुके हैं। इसके तहत महापौर रेनू बाला गुप्ता ने नगरपालिका कालांवाली (सिरसा), नारनौंद (हिसार) व राजौंद (कैथल) का निगम अधिकारियों के साथ दौरा कर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में रैंकिंग सुधारने को लेकर मंथन किया। इस दौरान नगर निगम के उप निगमायुक्त अभय सिंह व सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह भी मौजूद रहे।
महापौर ने नपा अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर की जाए। रिहायशी क्षेत्र में एक बार तथा मार्केट क्षेत्र में दो बार साफ-सफाई करवाई जाए। सफाई निरीक्षक व दरौगा नियमित शहर का दौरा कर सफाई कार्यों को देखें। गलियों की सफाई के दौरान एकत्र कूड़े-कर्कट को रेहड़ी में खुले में रखने के बजाए बोरे में डाला जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी नगर पालिका में सफाई कर्मियों की संख्या कम है, तो वह एच.के.आर.एन.एल. के माध्यम से पूरा करवाएं।
उन्होंने कहा कि कचरा मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य करें, तभी सफलता हासिल की जा सकेगी। कचरा संवेदनशील बिन्दूओं को चिन्हित कर एक-एक कर उन्हें खत्म करें। इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा एकत्र न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आस-पास के निवासियों व दुकानदारों को भी ध्यान रखने के लिए कहा जाए।
उन्होंने कहा कि सूचना, शिक्षा और संचार (आई.ई.सी.) गतिविधियों को बढ़ावा दें। इस कार्य के लिए मोटीवेटर्स को लगाया जाए। नागरिकों को गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करने, कूड़ेदान में ही कचरा डालने, गली, मौहल्ले व खाली प्लॉट को साफ रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक त्यागने को लेकर लगातार जागरूक किया जाए। स्कूलों-कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को स्वच्छता, गीला व सूखा कचरा अलग-अलग तथा एकल प्रयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने को लेकर जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएं।
उन्होंने बाजारों को साफ-सुथरा रखने पर भी बल दिया। इसके लिए नियमित साफ-सफाई के अतिरिक्त दुकान-दर-दुकान जाकर कूड़ा एकत्र किया जाए। साफ-सफाई को लेकर बाजारों में प्रतियोगिता करवाई जाए। गैर-सरकारी संगठन व नागरिक कल्याण संघों के साथ बैठकें की जाएं। इस दौरान जो प्रमुख समस्याएं सामने आएं, उन्हें दूर करने को लेकर कार्य किए जाएं।
महापौर ने कहा कि नगर पालिका चेयरमैन, पार्षद व अधिकारी एक टीम के रूप में कार्य करें। उन्होंने कहा कि एक-एक कर वार्डों को आत्म निर्भर वार्ड बनाया जाए। स्वच्छता को लेकर वार्डों में भी प्रतियोगिता करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि इन सब कार्यों से नगर पालिकाओं की सफाई व्यवस्था अवश्य बेहतर होगी और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण के रैंक में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम समय-समय पर इन नगर पालिकाओं का दौरा करती रहेगी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत नगर निगम करनाल के अंतर्गत 5 नगर पालिकाएं आई थी। निकट भविष्य में शेष दो नगर पालिका, इस्माईलाबाद (कुरूक्षेत्र) तथा सिवन (कैथल) का दौरा कर मीटिंग ली जाएगी।
इस मौके पर सम्बंधित नगर पालिका के चेयरमैन, सचिव, पार्षद तथा अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *