गीता जयंती महोत्सव का भी 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा आयोजन
डीसी उत्तम सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक
करनाल, 29 अक्टूबर। हरियाणा सरकार द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी हरियाणा दिवस को पूरे उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। करनाल जिला मुख्यालय पर एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्यता और गरिमामयी ढंग से आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणवी लोक कलाओं पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिला स्तर पर गीता महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक सफलतापूर्वक करवाया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने हरियाणा दिवस और गीता महोत्सव के संबंध में बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी डीसी और संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस(वीसी) से हरियाणा दिवस और गीता महोत्सव पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी में प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल और महानिदेशक केएम पांडुरंग ने भी प्रदेशभर में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी सांझा की।
वीसी उपरांत डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि करनाल में हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला के विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी, ऑर्केस्ट्रा और पेंटिंग आदि गतिविधियां शामिल रहेंगी। वहीं विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी वेशभूषा के साथ प्रस्तुतियां दी जाएगी।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा दिवस पर पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष होंगे और समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वचुर्अल माध्यम से प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी दिखाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम अनुभव मेहता, सीटीएम मोनिका शर्मा, डीआईपीआरओ मनोज कौशिक, एक्सईएन संदीप सिंह, एआईपीआरओ अनुराग व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हवन से शुरुआत और दीपोत्सव के साथ होगा गीता महोत्सव का समापन
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गीता महोत्सव का श्रद्धाभाव और उत्साहपूर्वक 29 नवंबर से एक दिसंबर तक का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 28 नवंबर को श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। डीसी ने गीता महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। गीता महोत्सव का हवन यज्ञ के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा भी आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समा बांधा जाएगा। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ गीता पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी।
