दिव्यांग जनों पर आधारित दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का हुआ समापन
बोर्ड द्वारा दिव्यांगों को दी जाने वाली सुविधाओं, पुनर्वास प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
करनाल, 25 अक्टूबर
राजकीय कन्या आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड, करनाल में दिव्यांग जनों पर आधारित खंड स्तरीय दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का शनिवार को विधिवत समापन हो गया। प्रधानाचार्य एवं खंड संसाधन समन्वयक (समावेशी शिक्षा) मोहिन्द्र सिंह नरवाल द्वारा शिविर में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
रिसोर्स पर्सन प्रीति चतुर्वेदी ने बताया कि दिव्यांगों को किस प्रकार से भावनात्मक सहयोग दिया जा सकता है और सरकार की विभिन्न योजनाओं द्वारा आर्थिक रूप से इन बच्चों की मदद की जा सकती है। इस कार्यक्रम में करनाल खंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों से 30 अध्यापक, 10 दिव्याँग बच्चो के अभिभावक तथा 14 एसएमसी सदस्य व 5 आंगनवाड़ी वर्कर ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में बोर्ड द्वारा दिव्यांगों को दी जाने वाली सुविधाओं, पुनर्वास प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा इनकी भलाई एवं उत्थान में भूमिका, सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में दी गई जानकारी को ग्रहण किया और कहा कि वे दिव्यांगजनों और उनके माता-पिता को अधिक से अधिक लाभान्वित करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का समापन बहुत सुचारू रहा।
शिविर में संसाधन व्यक्ति के रूप में प्रीति चतुर्वेदी (मनोविज्ञान प्रवक्ता) और सिमरन चौधरी (कंप्यूटर साइंस प्रवक्ता) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेष अध्यापक सीमा सुखीजा, नवदीप कौर और मुकेश कुमार ने कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
