एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाई ओवर बनाने का प्र्रस्ताव,लाडवा के मुख्य मार्ग पर नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव किया तैयार,शहर में ट्रैफिक लाइट नियमों की उल्लंघना करने वालों के किए जाए चालान,एचएच-44 पर बार-बार अवैध कट बनाने वाले ढाबा मालिकों के खिलाफ दर्ज हो सकती है एफआईआर,पिपली चौक के शेष बचे सौन्द्रर्यीकरण के कार्य को जल्द पूरा करे अधिकारी,रेलवे रोड और पैनोरमा चौक के आस-पास अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई,महोत्सव व अन्य कार्यक्रमों से पहले सडक़ों की मुरम्मत,स्वच्छता और पेड़ों की ट्रीमिंग का कार्य करे पूरा,रोड सेफ्टी के एजेंडे में शामिल होगा म्हारी सडक़ पोर्टल की प्रगति रिपोर्ट
कुरुक्षेत्र, 24 अक्टूबर। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के हर प्रवेश द्वार और चारों तरफ उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की जाएगी। इस योजना के तहत ब्रह्मसरोवर को सीसीटीवी कैमरों से कवर करने के साथ-साथ अर्जुन चौक, थर्ड गेट, द्वितीय गेट और पुलिस प्रशासन के सुझावों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस योजना को तैयार करने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है। इतना ही नहीं शहर के सीसीटीवी कैमरों के रख रखाव और अन्य खामियों को दूर करने के भी निर्देश नप को दिए गए है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले आरटीए निरीक्षक जोगिन्द्र कुमार ने सडक़ सुरक्षा समिति के तमाम एजेंडों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए जानकारी दी और नए एजेंडों को भी हाउस के समक्ष रखा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ब्रह्मïसरोवर के चारों तरफ और प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए एनओसी जारी कर दी गई है। अब इन कैमरों को स्थापित करने की जिम्मेवारी नगरपरिषद को सौंपी गई है। इस विभाग द्वारा जल्द डिटेल प्लान तैयार करके सरकार के पास भेजा जाएगा ताकि जल्द से जल्द इस योजना को अमलीजामा पहनाया जा सके।
उपायुक्त ने धूंध के सीजन से पहले सभी सडक़ों पर सफेद पट्टïी व रिफलैक्टर टेप लगाने के कार्य को पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां स्पीड ब्रेकर बनाएं जाने है उस कार्य को जल्द पूरा किया जाए। इसके अलावा सडक़ों की मुरम्मत के साथ-साथ रोड सेफ्टी से सम्बन्धित अन्य कार्यों को भी जल्द पूरा किया जाए। हाउस के समक्ष रखे गए 12 नए एजेंडों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य करने के निर्देश दिए गए है। इस मौके पर एसडीएम शाश्वत सांगवान, डीएमसी अमन कुमार, एसडीएम पंकज सेतिया, नगराधीश आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पिपली चौक पर सडक़ दुर्घटनाओं व ट्रैफिक व्यवस्था से निजात दिलाने की समस्या से एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाई ओवर बनाने की योजना तैयार की जाएगी। इस योजना को तैयार करने के लिए एनएएचआई के प्रोजैक्ट डायरैक्टर और अन्य सम्बन्धित अधिकारियों की जल्द एक मीटिंग बुलाई जाएगी। इस योजना के तैयार होने और मंजूरी मिलने के उपरांत एनएएचआई विभाग की तरफ से 12 महीनों में इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
लाडवा के मुख्य मार्ग पर नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव किया तैयार
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र से यमुनानगर रोड पर लाडवा के बीच डिवाइडिंग रोड पर ग्रिल टूट चुकी है, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग की तरफ से नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।
शहर में ट्रैफिक लाइट नियमों की उल्लंघना करने वालों के किए जाए चालान
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि शहर में ट्रैफिक लाइट नियमों की उल्लंघना करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और चालान भी किए जाए। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि पिपली चौक पर रेड लाइट निरंतर चलती रहे। इसके अलावा जहां-जहां भी रेड लाइट या बलिंकर की व्यवस्था है इसका प्रस्ताव तैयार कर नगर परिषद को सौंपे।
एचएच-44 पर बार-बार अवैध कट बनाने वाले ढाबा मालिकों के खिलाफ दर्ज हो सकती है एफआईआर
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि एनएच-44 पर सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एचएएचआई विभाग की तरफ से कुरुक्षेत्र एरिया के 86 अवैध कटों को बंद किया गया था। इस कार्रवाई के बाद होटल व ढाबा संचालक बार-बार ग्रिलिंग को तोडक़र अवैध कट बना रहे है। ऐसे लगभग 8 लोगों को चिन्हित किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि अगर ढाबा संचालक फिर से उल्लंघना करेंगे तो एनएएचआई विभाग की तरफ से एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
पिपली चौक के शेष बचे सौंदर्यीकरण के कार्य को जल्द पूरा करे अधिकारी
उपायुक्त ने कहा कि पिपली चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य एनएचएआई विभाग द्वारा किया जा चुका है। अब इस चौक के चारों तरफ स्लीप रोड और अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य को पूरा करना है। इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि कुरुक्षेत्र के प्रवेश द्वार को अति सुंदर बनाया जा सके।
रेलवे रोड और पैनोरमा चौक के आस-पास अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में कुरुक्षेत्र शहर में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ-साथ अन्य कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में ट्रैफिक जाम की समस्या ना रहे और दूर दराज से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी असुविधा ना हो। इसके लिए दुकानदारों को स्वयं नैतिक दायित्व को पूरा करते हुए सडक़ों पर पड़े सामान को हटा लेना चाहिए। इसके लिए डीएमसी को व्यापार मंडल व अन्य सम्बन्धित संस्थाओं की एक बैठक बुलाने के निर्देश दिए है। अगर फिर भी अतिक्रमण ना हटाया तो सम्बन्धित दुकानदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने के बाद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महोत्सव व अन्य कार्यक्रमों से पहले सडक़ों की मुरम्मत,स्वच्छता और पेड़ों की ट्रीमिंग का कार्य करे पूरा
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव और अन्य बड़े कार्यक्रमों से पहले सडक़ों की मुरम्मत, शहर की साफ सफाई, पिहोवा रोड, ढांड रोड व अन्य मुख्य मार्गों पर पेड़ों की ट्रीमिंग के कार्य को सम्बन्धित विभाग के अधिकारी जल्द से जल्द पूरा करवाना सुनिश्चित करे। इस विषय को गंभीरता से लेकर कार्य को पूरा करना है ताकि किसी भी प्रकार की कोई कमी ना रहे।
रोड सेफ्टी के एजेंडे में शामिल होगा म्हारी सडक़ पोर्टल की प्रगति रिपोर्ट
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि म्हारी सडक़ पोर्टल की प्रगति रिपोर्ट को रोड सेफ्टी के एजेंडे में शामिल किया जाए ताकि हर माह सडक़ों से सम्बन्धित शिकायतों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों के साथ-साथ आम नगारिकों से अपील की है कि टूटी हुई सडक़ों की फोटो म्हारी सडक़ पोर्टल पर अपलोड करे ताकि सडक़ को ठीक किया जा सके।
