करनाल 21 अक्तूबर। कृषि उप- निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि असंध के गांव राहडा में गत दिवस शाम को पराली जलाने की लोकेशन मिली थी जिस पर कृषि विभाग व अन्य विभागों की गठित कमेटी के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर संबंधित किसान पर नियमानुसार जुर्माना ,एफआईआर व रेड एंट्री की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि दोषी किसान पर कार्यवाही राहडा गांव में 1.5 एकड़ में पराली के अवशेष जलाने पर किसान ऋषि पाल पुत्र रोहतास गांव राहडा पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है व पराली जलाने पर एफआईआर भी दर्ज की गई है। इसके साथ ही जिस खेत में किसान ने पराली जलाई है, उस खेत की मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रेड एंट्री दर्ज की जा रही है। इस सीजन में अब तक जिला में यह पहली लोकेशन पाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों के अनुसार हरसेक से आगजनी की लोकेशन प्राप्त हुई थी। इन लोकेशन के आधार पर ही मौके पर अधिकारी पहुंचे थे किसानों के खेतों में पराली जलाए जाने के अवशेष मिले है।
उन्होंने बताया कि उप-मण्डल अधिकारी, नागरिक असंध द्वारा गांव राहडा में आगजनी की घटना को रोकने में विफल रही विभागीय टीम जिसमें जे.ई ग्राम सचिव, पटवारी, वी.एल.डी.ए कृषि विभाग से सुपरवाइजर इत्यादि को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
कृषि उप- निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि लोकेशन की जांच के बाद किसान पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इसके साथ ही गा्रमीणाों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील है कि पराली को आग न लगाएं आग लगाने में किसानों का ही नुकसान है। ऐसा करने पर मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रेड एंट्री कर दी जाती है। जिसके बाद किसी भी प्रकार की सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पाऐगे।
