डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल में जर्मनी से आए  विशेष प्रतिनिधि मंडल ने भारतीय संस्कृति की विभिन्न रंगीन झलकियों का अनुभव किया
कुरुक्षेत्र, 18 अक्तूबर : देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में उस समय सांस्कृतिक विविधता और उल्लास से सराबोर वातावरण दिखाई दिया, जब जर्मनी से आए शिक्षकों और विद्यार्थियों के एक विशेष प्रतिनिधि मंडल ने स्कूल परिसर का दौरा किया और भारतीय संस्कृति की रंगीन झलकियों का अनुभव किया। स्कूल प्रशासन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ सभी अतिथियों का पारंपरिक ढंग से तिलक व पुष्पहार पहनाकर हार्दिक स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि दीपावली उत्सव चल रहा है तो इस विशेष अवसर पर स्कूल में दीपावली महोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। चारों ओर सजे दीयों की जगमगाहट और बच्चों के उत्साह ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया। इस मौके पर कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना से हुआ। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विशेषकर शास्त्रीय नृत्य, लोकगीत और नाट्य मंचन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए स्कूल प्रिंसिपल एन. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आदान-प्रदान से न केवल विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय समझ बढ़ती है, बल्कि वे विविध संस्कृतियों के प्रति सम्मान और सौहार्द की भावना भी सीखते हैं। शिक्षा का उद्देश्य तभी पूर्ण होता है जब हम मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में उतारते हैं। इस मौके पर जर्मन विद्यार्थियों ने भी भारतीय परंपराओं में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने भारतीय विद्यार्थियों के साथ मिलकर दीये सजाए, शुभकामनाएं और दीपावली उत्सव की खुशियाँ साझा की। स्कूल परिसर में वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना सजीव हो उठी। स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए तथा भारतीय मिठाइयों के साथ दीपावली की विदेश से आए प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं दी गई। यह आयोजन भारत और जर्मनी के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक एकता, मित्रता और वैश्विक भाईचारे का एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा। इस अवसर ने स्कूल के गौरव में एक नई कड़ी जोड़ दी।

फोटो परिचय : डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जर्मनी से आए शिक्षकों और विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल तथा डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षक एवं प्रबंधन अधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *