युवाओं में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिन पर होंगे कार्यमक्रम
25, 26 और 27 अक्तूबर को गांव और शहरों में निकाली जाएगी पदयात्रा, 31 अक्तूबर को होगा रन फॉर यूनिटी का आयोजन
करनाल, 18 अक्तूबर- केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिन के उपलक्ष में 2 महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इसके उपरांत 31 दिसंबर तक राष्ट्रीय एकता से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने यह जानकारी शनिवार को कर्णकमल कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 25, 26 और 27 अक्तूबर को गांवों और शहरों में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग व युवा शामिल होंगे, जो राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रन फॉर यूनिटी आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत 2 महीने यानी 31 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्य वितरित किए जाएंगे। इससे युवाओं में राष्ट्रीय एकता का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के लिए माई भारत पोर्टल पर युवाओं का रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में अनेकों अभियान चलाए, जो सफल रहे। इन अभियानों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छता अभियान जैसे अभियान शामिल हैं। अब राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए इस अभियान की शुरूआत हो रही है।
देश व प्रदेशवासियों को दी त्योहारों की शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने देश व प्रदेशवासियों को धनतेरस, छोटी दीपावली, बड़ी दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज व अन्य त्योहारों की हार्दिक बधाई दी।
सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर दी शुभकामनाएं
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मंत्रियों व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता का धन्यवाद है, जिन्होंने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। सरकार का 1 वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो के माध्यम से उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन में 200 रुपये की बढ़ोतरी की भी घोषणा की है। इसके साथ-साथ नवंबर महीने से लाडो लक्ष्मी योजना की लाभार्थी महिलाओं के खाते में 2100 रुपये जाना भी शुरू हो जाएंगी। सरकार की स्कीमों का पैसा डीबीटी से दिया जा रहा है। प्रदेश लगातार विकास कर रहा है। सरकार के चार वर्ष बचे हैं, ऐसे में नई योजनाओं को बनाना और चल रही योजनाओं को पूरा करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बेहद साफ-सुथरे तरीके से चल रही है। जनता सुखी है और प्रदेश में आशावादी वातावरण है।
इस मौके पर हरियाणा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट वेदपाल,विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी,इंद्री के विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, करनाल विधायक जगमोहन आनंद,भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल,मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिला कार्यकारी अध्यक्ष बृज गुप्ता, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक भंडारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजबीर शर्मा,त्रिलोचन सिंह,भाजपा जिला महामंत्री मानव पुरी, सुभाष कश्यप, जिला मीडिया प्रमुख डा अशोक कुमार, कार्यालय प्रमुख मदन गुर्जर, सह प्रमुख प्रमोद नागपाल व अन्य मौजूद रहे।
