जिस दुकान पर पूर्णत: स्वदेशी सामान बिकता हो वहां दुकानदार स्वदेशी का बोर्ड लगाएं : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
सफाई कार्य के लिए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्वच्छता ऐप पूरी तरह से क्रियान्वित करने के निर्देश नगर परिषद अधिकारियों को दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दीवाली से पहले सफाई व अन्य व्यवस्था को लेकर नगर परिषद, विभिन्न बाजार व रेजिडेंट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की
चंडीगढ़/अम्बाला, 08 अक्टूबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि दीपावली पर्व पर जिस प्रकार हम अपने घरों को सजाते है व सफाई करते है, उसी प्रकार हमें स्वच्छता का संदेश देते हुए अपने बाजारों को सजाकर स्वच्छता का पैगाम देना हैं। स्वच्छता अभियान में हम सभी की भागीदारी बेहद आवश्यक हैं।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज बुधवार को एसडीएम कार्यालय अम्बाला छावनी के सभागार में नगर परिषद, विभिन्न बाजार एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस अवसर पर एसडीएम अम्बाला छावनी विनेश कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललिता प्रसाद व ईओ देवेन्द्र नरवाल सहित वार्डों से पार्षद, अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी एसोसिएशन के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि इस बार दीपावली पर्व पर हमें साफ-सफाई व्यवस्था करवाते हुए अपने शहर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाते हुए स्वच्छता का पैगाम देना हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में नगर परिषद द्वारा तो कार्य किए जा रहे है, जन भागीदारी की भी बेहद आवश्यकता हैं। स्वच्छता अभियान के तहत जो कार्य किए जा सकते है, उस बारे यहां पर विस्तार से चर्चा भी की गई। कैबिनेट मंत्री ने इस मौके पर एसोसिएशन व अन्य द्वारा जो भी सफाई व्यवस्था से सम्बंधित सुझाव या बाते रखी गई और जो भी समस्या थी उसका निवारण करने बारे नगर परिषद को निर्देश भी दिए।
जिस दुकान पर पूर्णत: स्वदेशी सामान बिकता हो वहां दुकानदार स्वदेशी का बोर्ड लगाएं : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान में हमें अपनी पूर्णत: सहभागिता सुनिश्चित करनी हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देना हैं, कोई भी दुकानदार जिसपर हिन्दुस्तान का बना समान बिकता है वह अपनी दुकान के बाहर स्वदेशी का बोर्ड लगाए व साथ ही साथ यदि कोई दुकान ऐसी भी है जहां पर जीरो जीएसटी के साथ सामान बेचा जाएगा व भी अपनी दुकान के बाहर इस बारे बोर्ड लाए, इससे वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्वच्छता ऐप पर सफाई की शिकायतें देने को कहा
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वच्छता ऐप पूरी तरह से क्रियांवित होनी चाहिए, इसके लिए नगर परिषद इस कार्य को करना सुनिश्चित करें। इस स्वच्छता ऐप को मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकता है और मोबाइल पर फोटो व लोकेशन डालकर सफाई संबंधी या स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने के कार्य को किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जहां पर भी सामुदायिक/सुलभ शौचालय है उनकी सफाई व्यवस्था दुरूस्त होनी चाहिए। स्वच्छता ऐप की निगरानी के लिए बैकअप टीमें भी एरिया वाईज होनी चाहिए ताकि जहां से भी सफाई से संबंधित शिकायत प्राप्त हो वह टीमें मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था के कार्यों को तुरंत कराना सुनिश्चित करें।
दीपावली पर ग्राहक दुकानों तक पहुंचे इसलिए दुकानदार अतिक्रमण न करें : मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने सभी बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व अन्य से आह्वान किया कि दीपावली पर्व तक दुकानदार सीधा दुकानों तक पहुंचे इसके लिए दुकानदार स्वयं ध्यान रखें। उन्होंने कहा त्यौहार की आड में कोई दुकानदार दुकानों के आगे सामान न रखे जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हो। उन्होंने कहा ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि बाजारों में ग्राहक वाहनों पर सुगमता से आ-जा सके। इसके लिए उन्होंने प्रशासन का सहयोग देने का आह्वान किया।
बैठक में लावारिस पशुओं का मुद्दा उठा, मंत्री अनिल विज ने नप अधिकारियों को निर्देश दिए
बैठक के दौरान छावनी में लावारिस पशुओं का मुद्दा उठा जिसपर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए नगर परिषद द्वारा कार्य किए जाते है। आवारा पशुओं को गाड़ा-बाड़ा के नजदीक 22 एकड़ भूमि पर गौशाला बनाकर स्थानांतरित किया जा सकें, इसके लिए एसडीएम व ईओ रूप रेखा तैयार करें, ताकि इस कार्य को भी आगे किया जा सकें और बेसहारा पशुओं को स्थाई रूप से आश्रय प्रदान किया जा सकें।
मंत्री अनिल विज ने बाजारों व कालोनियों में स्ट्रीट लाइट ठीक करने के निर्देश दिए
बैठक के दौरान कुछ बाजारों में लाइटें नहीं ऑन होने की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद् के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर भी बाजारों में या अन्य स्थानों पर यदि कहीं पर स्ट्रीट लाईटें या फैन्सी लाईटें खराब है तो उसे तुरन्त ठीक करवाना सुनिश्चित करें।
इसके अलावा उन्होंने टांगरी नदी के आसपास बनी कालोनियों में जहां पानी या गंदगी आ गई थी वहां सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद के ईओ से कहा कि सफाई कार्य के लिए रूपरेखा बनाकर सफाई व्यवस्था को करवाएं। इसके अलावा उन्होंने खाली प्लाटों में काले तेल का छिड़काव करवाने बारे भी निर्देश दिए।
बाजार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को सफाई में सहयोग का आह्वान किया
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि बाजार एसोसिएशन अपने-अपने एरिया में सफाई व्यवस्था से दो-तीन कर्मचारियों को नियुक्त करें ताकि सफाई व्यवस्था के कार्य की मॉनिटरिंग हो और इसे सुगमता से किया जा सके। उन्होंने कूड़ा लेने के लिए आने वाले कर्मियों की हाजिरी भी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा इस प्रकार की बैठकें आगे भी हो ताकि कार्यों की समीक्षा की जा सके।
बाजार व रेजिडेंट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखें
बैठक के दौरान राय मार्केट बाजार एसोसिएशन से हरप्रीत सिंह, सदर बाजार से विकास बत्तरा, हनुमान मार्केट से बीएस बिंद्रा, हरजीत बुद्धिराजा, 12 क्रास रोड यादव धर्मशाला से प्रतिनिधियों, विजय रतन चौक मार्केट एसोसिएशन से अतुल महाजन, लायंस क्लब से आशीष, बीसी बाजार एसोसिएशन से रामबाबू यादव, शास्त्री कालोनी एसोसिएशन से बलित नागपाल, प्रभु प्रेम पुरम से अनिल चोपड़ा के अलावा विभिन्न पार्षदों ने अपने सुझाव रखे।
बैठक मे राय मार्किट एसोसिएशन, सदर बाजार एसोसिएशन, बीसी बाजार एसोसिएशन, अग्रसेन एसोसिएशन के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी सफाई व्यवस्था से संबंधित अपने सुझाव रखते हुए इस अभियान में अपना सहयोग देने बारे आश्वस्त किया।
इससे पहले नगर परिषद के ईओ देवेन्द्र नरवाल ने नगर परिषद द्वारा अम्बाला छावनी में सफाई के कार्य की वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी।
