साल भर की गतिविधियों के लिए हुआ बजट पास
कुरुक्षेत्र, 8 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक बुधवार को कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में फैकल्टी लॉज में सम्पन्न हुई। इस मौके पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि सांस्कृतिक परिषद संस्कृति के उत्थान में अहम् भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यार्थियों को साहित्यिक कार्यशाला, ललित कला कार्यशाला में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और सभी को मिलकर अपनी भारतीय संस्कृति को बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा शक्ति के माध्यम से रचनात्मकता, नेतृत्व, टीम भावना और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है। “युवाओं में नवाचार, संवाद और अभिव्यक्ति की भावना को विकसित करना ही हमारी प्राथमिकता है। इससे पूर्व युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर जारी हुआ। बैठक में ऑडिटोरियम को अपग्रेड करने के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया। इसके साथ ही युवाओं के कौशल को विकसित करने के लिए कार्यशालाओं के आयोजन पर सहमति बनी। इस मौके पर सांस्कृतिक परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय संस्कृति के क्षेत्र में पूरे भारत में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
चुनाव अधिकारी प्रो. जसबीर सिंह ढांडा ने बताया कि कुवि सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष पद पर बाबू अनंत राम जनता कालेज, कौल के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल को सर्वसम्मति से चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर एसडी कॉलेज, अम्बाला कैंट की डॉ. विजय शर्मा को चुना गया जबकि कार्यकारिणी सदस्य (प्राचार्य वर्ग) से डॉ. अनुपम अरोड़ा, एस.डी. पी.जी. कॉलेज पानीपत; डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य पी.जी. कॉलेज पानीपत; डॉ. सुखविंदर कौर, गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज यमुनानगर; डॉ. उपासना, दयानंद महिला महाविद्यालय कुरुक्षेत्र तथा लेक्चरर वर्ग से सदस्य आर.के.एस.डी. कॉलेज कैथल से डॉ. अशोक के. अत्री व आर्य पी.जी. कॉलेज पानीपत से डॉ. नीलू रानी व श्री अक़रम को चुना गया है।
कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने नवनियुक्त सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सहित उपाध्यक्ष व सभी सदस्यों को बधाई दी। डॉ. ऋषिपाल ने कहा कि परिषद विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान देगी।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक व सांस्कृतिक परिषद के सचिव प्रो. विवेक चावला ने सत्र 2025-26 के लिए बजट प्रस्तुत किया व इसके साथ ही कुवि की भावी सांस्कृतिक योजनाओं का प्रारूप भी प्रस्तुत किया। डॉ. सलोनी दिवान ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक परिषद के पूर्व सदस्यों को कुलपति ने सम्मानित किया।
इस मौके पर डीन ऑफ कॉलेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर चौधरी, प्रॉक्टर प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. कृष्णा देवी, प्रो. पुष्पा रानी, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. शुचिस्मिता व विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद थे।
