हवन यज्ञ में रेनू बाला गुप्ता बतौर मुख्यातिथि करेंगी शिरकत
भंडारा व भजन कीर्तन समारोह में विधायक जगमोहन आनंद मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
करनाल, 5 अक्तूबर। हरियाणा सरकार की ओर से संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह 6 अक्तूबर 2025 को जिला प्रशासन करनाल व भगवान वाल्मीकि जन कल्याण संघ के संयुक्त तत्वाधान में प्रातः 8 बजे से लेकर दोपहर बाद 2:30 बजे तक वाल्मीकि भवन सेक्टर -9 करनाल में आयोजन किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार इस समारोह के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन व सामाजिक संस्था द्वारा सभी आवश्यक प्रबंधों की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रात: 9 बजे हवन यज्ञ के कार्यक्रम में मेयर रेनू बाला गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में आहुति डालेंगे और भगवान वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी।
उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित भंडारा कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और भगवान वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके आशीर्वाद लेंगे। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 8 बजे हो जाएगा। जिसमें प्रवचन पाठ, प्रात: 9 बजे हवन यज्ञ, प्रात: 10 बजे भजन कीर्तन, दोपहर 12 बजे भण्डारा व दोपहर बाद 2 बजे सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सेक्टर-9 वाल्मीकि भवन से शुरू होकर मॉडल टाउन वाल्मीकि मंदिर पर समापन होगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे परिवार सहित महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर आशीर्वाद लें और संत महात्माओं के प्रवचन सुने। उन्होंने अन्य वर्ग के लोगों का भी आह्वान किया कि जयंती समारोह में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेकर भगवान वाल्मीकि जी को नमन करें और आशीर्वाद लें।
