नेहरू पैलेस मार्केट स्थित कार्यालय में लगाया जा रहा विशेष कैंप, किए जा रहे आवेदन।
अपील- पथ विक्रेता योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बढ़ें आगे।
करनाल 30 सितंबर,

करनाल शहर में काम करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए अच्छी खबर है। केन्द्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना एक बार पुन: शुरू कर दी गई है। योजना का लाभ देने के लिए नेहरू पैलेस स्थित कार्यालय में एक विशेष कैम्प (लोक कल्याण मेला) लगाया गया है, जो आगामी 2 अक्तूबर तक चलेगा। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत रेहड़ी-फड़ी व फुटकर विक्रेताओं को अपना काम बढ़ाने के लिए पहला ऋण 15 हजार रुपये दिया जाएगा। यह ऋण चुकाने के बाद दूसरा ऋण 25 हजार रुपये तथा इसे चुकाने के बाद तीसरा ऋण 50 हजार रुपये विभिन्न बैंको के माध्यम से दिलवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले यह राशि 10 हजार, 20 हजार व 50 हजार रुपये ऋण के रूप में दी जाती थी।
उन्होंने बताया कि इस ऋण पर केन्द्र सरकार की ओर से 7 प्रतिशत तथा राज्य सरकार की ओर से 2 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा रही है। दूसरी ओर डिजीटल लेनदेन करने से मासिक कैशबैक भी प्राप्त होता है। मासिक 50 से ज्यादा ट्रांजैक्शन होने पर 50 रुपये तथा 100 से अधिक होने पर 100 रुपये कैशबैक सम्बंधित रेहड़ी-फड़ी वाले को दिया जाता है। कुल मिलाकर ब्याज के रूप में बहुत छोटी रकम चुकानी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि शहर में मौजूद कबाड़ी की फेरी लगाने वाला, जोमेटो, स्वीगी व कोरियर सेवा से जुड़े लोग, घरों में काम करने वाले, अखबार बांटने वाले व फेरी इत्यादि लगाने वाले गरीब लोग, जो नगर निगम की सीमा के अंदर अपना काम कर रहे हैं, वह लेटर ऑफ रिक्मेंडेशन (एल.ओ.आर.) व ब्रिकी प्रमाण पत्र, नेहरू पैलेस मार्केट स्थित कार्यालय से अवश्य बनवाएं, तभी वह इस योजना का लाभ ले सकते हैं। कार्यालय द्वारा यह नि:शुल्क बनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का समापन 31 दिसंबर 2024 को हो गया था। इस दौरान जिसे केवल पहला ऋण मिला था, वह अब दूसरे ऋण के लिए आवेदन कर सकता है। इसके अतिरिक्त विशेष कैंप में नए आवेदन भी किए जा रहे हैं। आवेदन के लिए सम्बंधित व्यक्ति को आधार कार्ड, आधार कार्ड से लिंक मोबाईल नम्बर तथा शहर में खुले हुए चालू बैंक खाते की कॉपी लानी होगी।
निगमायुक्त ने शहर में मौजूद सभी पथ विक्रेताओं से अपील करते कहा कि वह पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने के लिए नेहरू पैलेस मार्केट स्थित कार्यालय में अवश्य जाएं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि योजना के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में विभिन्न चौक-चौराहों व मार्केट में बोर्ड प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त टिप्पर वाहनों पर भी ऑडियो सिस्टम लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *