महापौर रेनू बाला गुप्ता व निगमायुक्त डॉ. वैशाली ने पार्षद, अधिकारियों व सफाई मित्रों के साथ किया श्रमदान।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में करीब 250 सफाई मित्रों ने करवाई स्वास्थ्य जांच।
करनाल 25 सितंबर,
         नगर निगम करनाल की ओर से गुरूवार को प्रेम नगर स्थित सामुदायिक केन्द्र में विशेष श्रमदान अभियान- एक दिन, एक घंटा, एक साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर रेनू बाला गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, पार्षद हरजीत सिंह, निगम अधिकारियों, आर.डब्ल्यू.ए., एन.जी.ओ., नागरिकों तथा सफाई मित्रों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निगम द्वारा विभिन्न गतिविधियों आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में श्रमदान अभियान चलाया गया है, ताकि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक के जीवन का अंग बन सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि देश का हर मौहल्ला, हर गली व हर मकान स्वच्छ व सुंदर हो। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम करनाल निरंतर कार्य कर रहा है और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निगम अधिकारी, जन प्रतिनिधि व शहर की विभिन्न संस्थाएं काम कर रही हैं। इसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह शहर की स्वच्छता बरकरार रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के 11 साप्ताहिक कार्यक्रम व सेवा पखवाड़ा का लक्ष्य स्वच्छता कार्यों से लोगों को जोडऩा है, ताकि साफ-सफाई केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि सबकी जिम्मेदारी बने। इसे देखते नगर निगम जन भागीदारी पर ज्यादा जोर दे रहा है, ताकि प्रत्येक शहरवासी जागरूक हो। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान से शहर की विभिन्न आर.डब्ल्यू.जे., एन.जी.ओ., सामाजिक संस्थाएं, नागरिक व युवा जुड़ रहे हैं, इसके लिए उन्होंने सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अभियान से नागरिक जुड़ रहे हैं, इन अभियान के बाद शहर की सफाई को लेकर बदलाव अवश्य नजर आएगा।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सफाई मित्रों ने करवाया चेकअप- बता दें कि श्रमदान के बाद सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया था। शिविर में सफाई मित्रों के आंख, कान, गला, ब्लडप्रैशर व टी.बी. इत्यादि की जांच की गई। इस दौरान करीब 250 सफाई मित्रों ने स्वास्थ्य चैकअप करवाया। विर्क अस्पताल की डॉक्टर टीम ने स्वास्थ्य जांच की। इस मौके पर महापौर व निगमायुक्त ने भी सफाई मित्रों से बात कर उनका हाल-चाल जाना।
इस अवसर पर विशेष अधिकारी (स्वच्छता) अमित कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक तथा स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *