सोनिका वधवा
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम वीरवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में प्रशासन की तरफ से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले खेल मंत्री गौरव गौतम, हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और प्रदेशवासियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं भी दी है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन प्रणाली से जहां स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया वहीं कुरुक्षेत्र में खेल मंत्री गौरव गौतम व पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने 2 करोड़ 94 लाख की लागत से एलएनजेपी अस्पताल परिसर की मुरम्मत एवं पेंटिंग, शौचालयों का नवीनीकरण, फाल सिलिंग कार्य, अस्पताल के प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण व विद्युत स्थापना कार्य का शुभारंभ किया।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने 55.50 लाख की लागत से गांव दयालपुर में बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र, गांव दीवाना में 55.50 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र, 66.95 लाख की लागत से गांव हरिगढ़ भौरख में बनने वाले स्वास्थ्य केन्द्र, गांव अंटहेडी में 55.50 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र, गांव बिहोली में 4 करोड़ 25 लाख की लागत से बनने वाली पीएचसी तथा 50 लाख की लागत से गांव बाबैन में वीपीएचयू परियोजना का शिलान्यास किया। खेल मंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना सौगात देने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव 2024 के संकल्प पत्र में महिलाओं को हर माह 2100 रुपए की वित्तीय सहायता देने का संकल्प किया था। इस संकल्प को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने 5 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया और आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर इस योजना का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 217 संकल्पों में से 42 संकल्प को पूरा कर दिया है और 90 संकल्प इस साल पूरे हो जाएंगे। इसी संकल्प में से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को अब 2100 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह ना केवल आर्थिक मदद है अपितु आत्म सम्मान की पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में सरकार तीन गुणा गति से विकास कर रही है। इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60 वर्ष की आयु की विवाहित और अविवाहित महिलाओं को मिलेगा। जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपए से कम है। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रही सेवा पखवाड़ा के तहत महिलाओं के लिए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के तहत 8 वें पोषण माह का भी कार्यक्रम चल रहा है। सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए ड्रोन दीदी और लखपति योजना भी चलाई है।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को अमलीजामा पहनाने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से कुरुक्षेत्र की 27 हजार पात्र महिलाओं को फायदा होगा। इस सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए इस योजना को लागू किया है। यह योजना केवल सरकार का प्रयास नहीं बल्कि सबका संकल्प है। इस योजना का लाभ हर पात्र महिला को उठाना चाहिए और एप के माध्यम से पंजीकरण करवाना चाहिए इसके लिए विभागीय अधिकारी प्रार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने लाभार्थियों की सहायता और समस्याओं का समाधान करने के लिए टोल फ्री नंबर 0172-4880500 व 18001802231 भी शुरू किए है। इन टोल फ्री नंबर पर कोई भी लाभार्थी फोन करके अपनी समस्या का समाधान भी करवा सकता है। इस कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने खेल मंत्री गौरव गौतम, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा व भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर जिला परिषद की सीईओ शम्भू राठी, डीएसडब्लयूओ सुरजीत कौर, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
खेल मंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का किया अवलोकन, लगभग 210 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नए लघु सचिवालय के सभागार में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार योजना के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा जिला प्रशासन की तरफ से आधार कार्ड, बिजली विभाग, स्टेट बैंक आफ इंडिया,पंजाब नैशनल बैंक, परिवार पहचान पत्र, डोमिसाइल और अन्य कार्य करवाने के लिए हैल्प डैस्क स्थापित किए गए। खेल मंत्री गौरव गौतम,पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी व उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया।
सीएमओ डा. सुखबीर सिंह ने कहा कि एससएनएसपी के तहत 24 सितंबर तक 503 शिविर लगाए जा चुके है। इन शिविरों में 23 हजार 669 महिलाओं और पुरुषों का पंजीकरण किया गया है। इसमें महिलाओं की संख्या 16479 शामिल है। इस शिविर में 210 से ज्यादा मरीजों की जांच की गई।
