चंडीगढ़। हरियाणा की महिला आईपीएस अधिकारी आस्था मोदी अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में सेवाएं देंगी। वर्ष 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी आस्था मोदी एनआईए के पूर्व महानिदेशक और सीबीआइ के अतिरिक्त निदेशक वाईसी मोदी की बेटी हैं।

आस्था मोदी को प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आस्था मोदी पांच वर्षों की प्रारंभिक अवधि या अगले आदेश तक इस पद पर नियुक्त रहेंगी।

वह हरियाणा में कई जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। करीब पांच माह पहले उन्हे कैथल में एसपी की जिम्मेदारी दी गई थी। आस्था मोदी पूर्व में भी 16 नवंबर 2017 से 20 नवंबर 2018 तक बतौर कैथल एसपी सेवाएं दे चुकी हैं।

एसपी फतेहाबाद से कैथल एसपी के तौर पर ज्वाइन करने के बाद आस्था मोदी ने जिले में कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और नशे की रोकथाम को प्राथमिकता देने की बात कही थी। आइपीएस आस्था मोदी का मायका जींद में है। वह अंबाला में भी एसपी, पंचकूला में एएसपी, फरीदाबाद में एसीपी और डीसीपी रह चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *