मुनक/बल्ला/करनाल, 18 सितम्बर। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार हर गांव में ई-पुस्तकालय खोलने के लिए प्रतिबद्ध है। वे आज विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुनक के आरजेएम पुस्तकालय में विद्यार्थियों और अन्य ग्रामवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल 950 पुस्तकालय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा स्थापित किए जा रहे हैं। दर्जनों पुस्तकालय बिजली कंपनियों के सहयोग से खोले जा चुके हंै और शिक्षा विभाग द्वारा 600 से अधिक विद्यालयों में ई-पुस्तकालय खोलने का प्रस्ताव है।
इस अवसर पर आर.जे.एम. एप के उद्घाटन से पूर्व यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लाइब्रेरी के संस्थापक राहुल जांगड़ा के संयोजन में आयोजित हुआ।
डॉ. चौहान ने कहा कि हरियाणा में अब मेधा और मेहनत कर सरकारी नौकरी प्राप्त करने का दौर चल रहा है। नए हरियाणा में नौकरियां जाति, जिला या नोटों के झोले देखकर नहीं दी जातीं, बल्कि योग्यता और मेहनत के आधार पर दी जा रही हैं। भगवान विश्वकर्मा जयंती पर उन्हें नमन करते हुए डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने नई पीढ़ी को कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भर भारत की दिशा में युवाओं का सबसे बड़ा संबल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्होंने सभी से आह्वान किया कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वयं को संकल्पित करें।
कार्यक्रम के अंत में लाइब्रेरी के संस्थापक राहुल जांगड़ा ने मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया और कहा कि हमारा उद्देश्य युवाओं को पुस्तकालय और डिजिटल माध्यम से पढ़ाई-लिखाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। युवाओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढऩा चाहिए।
इस अवसर पर सुरेश जांगड़ा, कुलदीप राणा, पटवारी अश्वनी कुमार, प्रदीप शर्मा, सलामुद्दीन, कृष्ण राणा तथा बड़ी संख्या में स्वाध्यायी युवक व युवतियां उपस्थित रहे।
