बुजुर्गों को चश्मे, प्रसूताओं को फल, टीबी मरीजों को आहार किट वितरित
करनाल, 17 सितंबर। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में 11 सालों में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए नारी शक्ति का मजबूत होना जरूरी है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण बुधवार को कुंजपुरा के सीएचसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन सुनने से पहले लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने सीएचसी परिसर में पौधारोपण और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं व बच्चों के लिए आयोजित शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर इंद्री के विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप और असंध के विधायक योगेंद्र राणा भी मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर लोगों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज से देशभर में सेवा पखवाड़े की शुरूआत की गई है जो श्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रहित में बड़ी सोच को दर्शाता है। पखवाड़े के दौरान सेवा से जुड़े अलग-अलग कार्य किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने सत्ता का उपयोग सदा राष्ट्रहित में किया है। वे केवल एक नेता नहीं बल्कि पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करने वाले हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा का कोई मुकाबला नहीं। रोज 20-20 घंटे कार्य करते हैं।
श्री कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में 11 सालों में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए नारी शक्ति का मजबूत होना जरूरी है। लोगों से अपील की कि वे नारी शक्ति के प्रति सोच में बदलाव लाएं। बेटियों को आगे बढ़ने के लिए समाज में सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। देश-प्रदेश की प्रगति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के चार प्रमुख संकल्प व लक्ष्य के चार पिलर्स के रूप-नारी शक्ति, युवा, किसान और गरीब वर्ग को देखते हैं। प्रयास है कि सभी आत्मनिर्भर व सशक्त हों ताकि देश इसी प्रकार आगे बढ़ता रहे।
उन्होंने कहा कि देशवासी श्री मोदी के मुख से कई बार सुन चुके हैं- सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। इसे उन्होंने साकार करके दिखाया भी है। श्री कल्याण ने प्रधानमंत्री की तपस्या को प्रणाम करते हुए उनकी दीर्घ आयु व स्वस्थ जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि पिछले सालों में हरियाणा में भी व्यवस्थाओं में बड़े परिवर्तन हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अमल में लाई गई नीतियों के कारण आज गरीबों के बच्चे अधिकारी बन रहे हैं। ऑनलाइन सेवाओं का लाभ गरीबों को मिलने लगा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। लोगों से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए ईमानदारी के कर्तव्य का पालन करने की अपील की।
कश्यप ने की सेवा पखवाड़े में योगदान की अपील
इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आज जिस सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया है जिसमें हर व्यक्ति को योगदान देना चाहिए। यह योगदान पौधारोपण, रक्तदान, दिव्यांगों की मदद, सफाई अभियान में भाग लेकर अथवा स्वदेशी चीजें अपनाकर भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान हरियाणा में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार मुहिम के तहत 11 हजार महिलाओं की जांच की जाएगी। श्री कश्यप ने कहा कि हर व्यक्ति को मां के नाम एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान एक अक्टूबर को करनाल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि होंगे।
इस मौके पर असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने भी लोगों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, उनके स्वस्थ जीवन कामना की। ईश्वर से प्रार्थना की उन्हें इतनी शक्ति दें कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार देश की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश को तरक्की के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। उनके सफल नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है।
चश्मे व फल वितरित
विधानसभा अध्यक्ष ने सीएचसी में सांकेतिक रूप से कुछ महिलाओं को चश्मे वितरित किए। शिविर में करीब 200 लोगों को चश्मे दिए गए जिनमें अधिकतर महिलाएं शामिल थीं। श्री कल्याण ने महिला वार्ड में प्रसूताओं को फल और टीबी मरीजों को आहार किट वितरित की। शिविर में 4 नि-क्षय मित्र बने जो टीबी रोगियों को छह महीने तक पोषण आहार उपलब्ध कराएंगे। आज शिविर में 200 से अधिक महिलाओं व बच्चों का पंजीकरण किया गया। 60 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। बलगम व एक्स रे की जांच के लिए कल्पना चावला मेडिकल कालेज एवं अस्पताल से टीबी-वेन भी सीएचसी पहुंची। केंद्र से आई टीम ने सशक्त नारी, सशक्त परिवार पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री कल्याण 18 सितंबर को सुबह 9 बजे घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करेंगे। इसमें जरूरतमंद रोगियों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, सीएमओ डा. पूनम चौधरी, उप सिविल सर्जन डा. शशि गर्ग, सिम्मी, एसएमओ डा. संदीप अबरोल, बीडीपीओ मोनिका, भाजपा मंडल प्रधान अनिल चौहान, उप प्रधान निशांत पाहवा, मीडिया प्रभारी सुशील राणा आदि मौजूद रहे।
