अम्बाला, 17 सितम्बर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माई भारत के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी अर्शदीप ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत माई भारत क्विज से होगी, जो 12 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस क्विज में कुल 20 प्रश्न होंगे। सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
प्रथम चरण प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित है। शीर्ष 10000 विजेताओं को मुफ्त माई भारत उपहार मिलेंगे। चयनित प्रतिभागियों को अगले चरणों जैसे निबंध लेखन, प्रस्तुति और संवाद सत्र में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की वैबसाइट पर क्विज कॉलम पर क्लिक कर अपना रजिस्ट्रेशन कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार सांझा करने, नेतृत्व प्रदर्शित करने और सामूहिक दृष्टिकोण से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने अंबाला जिले के सभी युवाओं से अपील की कि वे इस प्रतियोगिता में हिस्सा लें और विकसित भारत के  निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *