एनआईआरएफ रैंकिंग में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी कैटेगरी में प्राप्त किया 35वां स्थान
कुरुक्षेत्र। मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन द्वारा घोषित एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में कुवि ने स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी कैटेगरी में 53.56 अंक प्राप्त कर 35वां स्थान प्राप्त किया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी कैटेगरी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने 41वां स्थान प्राप्त किया था। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष अधिक प्रतिस्पर्धा होने के बावजूद कुवि ने एनआईआरएफ रैंकिंग में सुधार किया है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि नैक द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक है। टॉप 100 शिक्षण संस्थानों में विश्वविद्यालय को स्टेट यूनिवर्सिटी में एनआईआरएफ रैंकिंग में 35वां स्थान मिलना गर्व का विषय है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं हरियाणा के लिए बड़ी उपलब्धि है। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने इस विशेष उपलब्धि के लिए एनआईआरएफ से नोडल आफिसर प्रो. तेजेन्द्र शर्मा व उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस सर्वेक्षण में विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित कर पाया जिसके कारण ही विश्वविद्यालय को यह स्थान मिला है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने रैंकिंग के सभी मापदंडों पर खरा उतरते हुए उच्च रैंकिंग हासिल की है।
आईक्यूएसी सेल के निदेशक प्रो. तेजेन्द्र शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को 10 करोड़ रूपये का रिसर्च प्रोजेक्ट व अन्य उच्च स्तर के प्रोजेक्ट मिलने से रिसर्च क्षेत्र में सुधार हुआ है। डाटा कलेक्शन तकनीक और सभी विभागों एवं ब्राचों के सहयोग से डाटा समय पर एकत्रित हो पाया और हम बेहतर प्रदर्शन कर पाए। उन्होंने बताया कि ओवल आल कैटेगरी में 8 हजार संस्थानों ने भाग लिया और उसमें कुवि 101 से 150 के बीच में अपना स्थान बना पाया। इस उपलब्धि के लिए कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल ने भी बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने इसी कैटेगरी में गत वर्ष 50.47 स्कोर के साथ 41वां स्थान हासिल किया था। 2023 में कुवि का रैंक 201-300 के बीच, वर्ष 2022 में 101-150 के बीच, वर्ष 2021 में 101-150 के बीच, वर्ष 2020 में 99 स्थान, वर्ष 2019 में 98 वां स्थान तथा वर्ष 2017 में कुवि ने 95 वां स्थान हासिल किया था। इस वर्ष कुवि की रैंकिंग में सुधार शोध के क्षेत्र में एक अच्छा संकेत है। उल्लेखनीय है कि आज कुलपति कार्यालय परिसर स्थित कमेटी रूम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें संयोजक टीम ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को एनआईआरएफ सर्टिफिकेट भेंट किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल, अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. दिनेश कुमार, डीन आफ कालेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एआर चौधरी, आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. तेजेन्द्र शर्मा, प्रो. जितेन्द्र शर्मा, प्रो. संजीव अग्रवाल, प्रो. कृष्णा, प्रो. मोहिन्दर चांद, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. प्रीति जैन, प्रो. पुष्पा रानी, प्रो. अनिल मित्तल सहित अनेक गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
