एकल प्रयोग प्लास्टिक शहर में प्रतिबंध, मिलने पर नियमानुसार 25 हजार रुपये तक का होगा चालान।
करनाल 4 सितंबर, 
        हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के चारो जोन में सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरूवार को कुंजपुरा रोड स्थित जरनैली कॉलोनी, सेक्टर-7, गुरू ब्रह्मïानंद चौक के पास खाली एक प्लॉट, प्रीतम नगर, राम नगर स्थित डिजिटल लाईब्रेरी तथा गांव उचाना में साफ-सफाई की गई है। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि जोन इंचार्ज के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई अभियान के दौरान सेक्टर-7 क्षेत्र में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, वार्ड 9 के पार्षद प्रतिनिधि मुकेश अरोड़ा व सेक्टर की रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे और अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज की। उन्होंने बताया कि मेरी बीट-मेरी पहचान के तहत दरौगा अपनी बीट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में लगे हैं और अभियान को गति दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जन जागरूकता अभियान, सार्वजनिक व जन शौचालयों की सफाई, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, जीरो वेस्ट कार्यालय, बाजारों की साफ-सफाई, रात्रि सफाई तथा हरा व नीला डस्टबिन को लेकर चेंकिंग, डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण व कचरा पृथक्करण करने जैसी विभिन्न गतिविधियां रोजाना चलाई जा रही हैं। गतिविधियों पर निगरानी के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्रचोपड़ा रोजाना शहर का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान अगर कहीं पर सफाई को लेकर खामी मिलती है, तो उसे दुरूस्त करवाया जाता है।
उन्होंने बताया कि निगम के मोटीवेटर सूचना, शिक्षा और संचार (आई.ई.सी.) गतिविधियों के तहत डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण तथा गीला व सूखा कचरा अलग-अलग लेने को लेकर रोजाना वार्ड का दौरा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नागरिकों को घरेलू खाद बनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों को चेताते हुए कहा कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक की ब्रिकी व हानिकारक पॉलीथिन के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। उन्होंने स्पष्टï किया कि अगर चेकिंग के दौरान किसी दुकानदार के पास सिंगल यूज प्लास्टिक पाया जाता है, तो नियमानुसार 25 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद प्रत्येक दुकानदार व वैंडर अपने पास हरे व नीले रंग का डस्टबिन रखे और उसमें गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करे। वेंडर्स रात्रि में स्टाल बंद करते समय आस-पास सफाई करके जाएं। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील करते कहा कि वह खाने-पीने के बाद वेस्ट सामान को डस्टबिन में ही डालें, उसे इधर-उधर न गिराएं। नागरिकों को स्वच्छता का महत्व समझना चाहिए और शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर तभी स्वच्छ होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी भागीदारी देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *