करनाल में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 53वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण
विस अध्यक्ष बोले- इस तरह के मंचों से नवाचार और एक-दूसरे के अच्छे कामों को सीखते हुए लोकहित व जनहित साधने का करें काम
करनाल, 3 सितंबर-
करनाल में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 53वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि विधायी संस्थाएं सशक्त हों। इसके लिए आमजन की इन विधायी संस्थाओं के प्रति जागरूकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पटना में आल इंडिया स्पीकर कॉन्फ्रेंस हुई थी, उसमें यह प्रस्ताव पारित हुआ था कि हम संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस कार्य को हमने शुरू कर दिया है। मानेसर में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों का सम्मेलन इसी कड़ी में की गई पहल थी। भविष्य में भी इस तरह के आयोजन प्रदेशभर में किए जाएंगे। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने बजट सत्र में यह घोषणा की कि लोकसभा से जो भी विषय आएंगे, हरियाणा विधानसभा उसे आगे बढ़ाने का कार्य करेगी, इसमें हरियाणा सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता के महापौर परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई भी दी।

74वें संशोधन पर कुछ राज्यों में काम हुआ शुरू
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इस दो दिवसीय बैठक में नए-नए प्रोजेक्ट, नई-नई व्यवस्थाओं और बेहतर कार्यों पर चर्चा की गई है। संविधान के 74वें संशोधन की बात यहां की गई, कुछ राज्यों में इसकी शुरुआत हो गई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने साढ़े 9 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में हरियाणा को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया। हरियाणा में उन्होंने व्यवस्थाओं को बदला और मजबूत किया। थ्री-टियर सिस्टम मजबूत हो, इसके लिए काम किया। मेयर के सीधे चुनाव, पढ़ी लिखी पंचायतें आदि के फैसले लिए। इन फैसलों ने भारतवर्ष को रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि विधायी संस्थाएं मजबूत हो। इसमें लोकसभा या विधानसभा ही नहीं बल्कि नगर निकाय, पंचायती राज की संस्थाएं भी मजबूत हों। यह भी विधायी व्यवस्था का हिस्सा हैं। इनमें हाउस चले, प्लॉनिंग हो, सार्थक चर्चा हो और अच्छा समाधान निकले। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना है।

एक-दूसरे के अच्छे कार्यों की जानकारी होनी चाहिए
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हम वन नेशन-वन म्युनिसिपालिटी की बात करते हैं। यह कॉमन प्लेटफॉर्म की कल्पना है। देश में कितने राज्य है, कितने शहर हैं। असम में क्या अच्छा कार्य हो रहा है, उसकी जानकारी हरियाणा को होनी चाहिए। इसी तरह हरियाणा में क्या अच्छा कार्य हो रहा है, इसकी जानकारी दूसरे राज्यों को होनी चाहिए। हम एक-दूसरे के सहयोग से, एक दूसरे से नवाचार सीखते हुए, लोकहित को साधने का काम करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यवस्था सुधार के लिए वन नेशन-वन इलेक्शन की बात कर रहे हैं। इससे धन की बर्बादी रुकेगी, चुनाव की वजह से आचार संहिता लगती है और विकास कार्य रूकते हैं, इनमें सुधार होगा। वन नेशन-वन टैक्स के रूप में जीएसटी दिया। प्रधानमंत्री ने वन नेशन- वन लेजिस्लेशन के लिए भी सभी राज्यों से आह्वान किया। उन्होंने व्यवस्था को सुदृढ़ करने और समाज को मजबूत करने व सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए यह कदम उठाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, डिजिटल प्लेटफॉर्म से सेवाओं के लाभ जैसी सुविधाएं आमजन को दी।

नगर निकायों में अच्छी व्यवस्था देने का करें कार्य
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि नगर निकायों में अच्छी व्यवस्था देने का कार्य करें। जनता की हम सभी से बहुत आकांक्षा है। हर शहर की जरूरत है, उसके मुताबिक प्लानिंग करें। तकनीक को बढ़ावा दे। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बेहतर योजनाएं बनाई जा सकती हैं। आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरें और एक ही लक्ष्य रखें कि वर्ष 2047 तक हमें अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाना है।

अपने क्षेत्र में सशक्त होकर सेवा करे: विधायक जगमोहन आनंद
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने दो दिवसीय महापौर परिषद की बैठक के समापन पर सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने सर्वसम्मति से करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता के अखिल भारतीय महापौर परिषद का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि तीसरी बार मेयर चुनी जाने वाली रेनू बाला गुप्ता ने यह दायित्व संभाला है। वह अंत्योदय के भाव से काम कर रही हैं। क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहती हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भी सभी को बधाई दी और कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में सशक्त होकर सेवा करें।

विकसित भारत के सपने को साकार करने में महापौर भरसक प्रयास करेंगे: रेनू बाला गुप्ता
करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष व अन्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने एक मार्गदर्शक के रूप में भूमिका निभाई है। प्रदेश को और कैसे साफ और स्वच्छ बनाया जाए इसके लिए निरंतर कार्य जारी है। इसके साथ-साथ विकसित भारत के सपने को साकार करने में महापौर भरसक प्रयास करेंगे। शहरों की जो भी समस्याएं हैं, उनसे जुड़ी प्लानिंग करके उन समस्याओं को दूर करने का काम करेंगे।

इस मौके पर कुलभूषण गुप्ता, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता व लखनऊ की मेयर सुषमा खरकवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेणू बाला गुप्ता, भाजपा प्रभारी भारत भूषण जुआल, एआईएमसी हरियाणा के अध्यक्ष कुलभूषण गोयल, एआईएमसी की चेयरपर्सन माधुरी पटेल,  पूर्व मंत्री एवं संगठन मंत्री उमाशंकर गुप्ता, करनाल नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा भाजपा नेता बृज गुप्ता, पार्षद संकल्प भंडारी, योगेंद्र शर्मा, सुधीर यादव, ममता सैनी, सुदेश रानी सहित देश भर से आए विभिन्न निगमों के महापौर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *