-गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद तथा महंत बंसीपुरी के सान्निध्य में होगा मेला आयोजित
-उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा 4 सिंतबर को स्वच्छता को समर्पित शोभा यात्रा को देंगे हरी झंडी
-श्री ब्राह्मण तीर्थाेद्धार सभा की तरफ से वामन द्वादशी मेले को लेकर 3 व 4 सितंबर को होंगे कार्यक्रम
कुरुक्षेत्र, 01 सितंबर
वामन द्वादशी मेला आयोजित समिति के संयोजक जय नारायण शर्मा और श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान यशेंद्र शर्मा ने कहा कि शहर की संस्थाओं के सहयोग से श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा सन्निहित सरोवर पर वामन द्वादशी मेले का आयोजन गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद और महंत बंसीपुरी महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। इस मेले को लेकर 3 व 4 सिंतबर को कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार मेले का थीम स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान को समर्पित होगा। इस अभियान के तहत 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे श्री दुखभंजन महादेव मंदिर से श्री वामन भगवान की शोभा यात्रा गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और महंत बंसीपुरी महाराज के सान्निध्य में का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा भी स्वच्छता को समर्पित होगी और उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा इस यात्रा को हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।
शोभायात्रा का यह रहेगा रूट
मेला संयोजक जय नारायण शर्मा ने बताया कि यह शोभायात्रा दुखभंजन मंदिर से चलकर रेलवे रोड, आर्य समाज मार्केट, आंबेडकर चौक, आहलुवालिया चौक, पालिका बाजार, सीकरी चौक, नया बाजार, कच्चा घेर से वापस होती हुई, आंबेडकर चौक से गुजरकर गुरुद्वारा छठी पातशाही चौक से होती हुई वापस सायं छह बजे सन्निहित सरोवर पर पहुंचेगी जहां शानदार आतिशबाजी होगी वामन भगवान का सन्निहित सरोवर में नौका विहार करवाया जाएगा और आरती होगी। नगर में विभिन्न स्थानों पर सहयोगी संस्थाओं द्वारा शोभायात्रा द्वारा फूल बरसाकर स्वागत किया जाएगा और शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था होगी। शोभायात्रा में वामन भगवान की पालकी सहित विभिन्न संस्थाओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र होगी। धूमधाम के साथ बैंडबाजे सहित शोभायात्रा निकाली जाएगी।
वामन पुराण की कथा होगी सूर्यनारायण मंदिर सभागार में
श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने मेले में आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय मेले के पहले दिन 3 सितंबर को प्रात: 9:30 बजे श्री वामन पुराण कथा का आयोजन सन्निहित सरोवर पर सूर्यनारायण मंदिर के सभागार में किया जाएगा। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शुकदेव व्यासपीठ से वामन पुराण की अमृत वर्षा करेंगे। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक मुख्य अतिथि होंगे और एसके ज्वैलर्स के मालिक सुनील गोयल मुख्य यजमान होंगे। इसी दिन मैट्रो अस्पताल की तरफ से सुबह 10 बजे से 2 बजे तक निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जाएगा और सायं 6:30 बजे संध्या कालीन तीर्थ आरती होगी।
उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को सुबह 10 बजे श्री वामन पुराण कथा प्रारंभ होगी और दोपहर 12 बजे श्री वामन पुराण कथा का समापन होगा। इसमें मुख्य अतिथि केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल होंगे और मुख्य यजमान के रूप में मैट्रो अस्पताल के एमडी पंडित पंकज शर्मा पहुंचेंगे।
यह संस्थाएं वामन द्वादशी मेले में करेंगी सहयोग
उन्होंने कहा कि वामन द्वादशी मेले में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, जीओ गीता, श्रीकृष्ण कृपा परिवार, श्री जयराम संस्थाएं, श्री स्थाणुसेवा मंडल, श्री शिवरात्रि सेवा मंडल, भारतीय नौजवान सभा, यूके सेवा ट्रस्ट, खाटू श्याम परिवार, सेवा समिति, शिरड़ी साई सेवा संघ, हरियाणा ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास, श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत थानेसर, अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा, हनुमान मंदिर सभा (पुरानी सब्जी मंडी) , बीपीएसओ, उमंग संस्था, एसजीडी संस्कृत वेद विद्यापीठ, रेडीमेड गारमेंट्स एसोसिएशन, आंबेडकर चौक मार्केट एसोसिएशन, मातृ भूमि सेवा मिशन, प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र, प्राचीन मुल्तान सभा, लायंस क्लब, फिनिक्स क्लब, रोटरी क्लब, मां कात्यानी देवी मंदिर, प्राचीन दुर्गा माता एवं राधा कृष्ण मंदिर कमेटी, अद्वैत स्वरूप नगली वाली कुटिया, श्रीराम सेवा दल, मैट्रो अस्पताल, श्री जय भारत रामलीला ड्रामेटिक क्लब, जय मां दुर्गा, श्री महाकाल ट्रस्ट आदि संस्थाओं का योगदान रहेगा।
फोटो : वामन द्वादशी मेला लोगो
