डीसी ने सरपंचों व ग्रामीणों से की बातचीत, प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों को भी सजग रहने की जरूरत

करनाल, 1 सितंबर। यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीसी उत्तम सिंह ने सोमवार को अधिकारियों की टीम के साथ इंद्री ब्लॉक के गांव कलसौरा तथा करनाल ब्लॉक के गांव कुंडा कलां में पहुंचकर यमुना के तटबंधों और पानी के बहाव का जायजा लिया और संबंधित ग्राम पंचायतों व ग्रामीणों से बातचीत की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी उत्तम सिंह ने दौरे के दौरान गांव कलसौरा, नबियाबाद, छपरा तथा कुंडा कलां व आस-पास के गांव  के सरपंचों तथा ग्रामीणों से बातचीत की और कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना के जलस्तर में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन पूरी तरह से सजग है और संबंधित विभाग के अधिकारी को अलर्ट किया गया है कि वे 24 घंटे स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सावधानी बरतें तथा यमुना के तटबंधों के नजदीक अनावश्यक रूप से न जाएं। प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों को भी सजग रहने की जरूरत है, इसके साथ-साथ तटबंधों पर भी नजर बनाए रखें। अगर कहीं पर भी आबादी देह में पानी घुसने की संभावना नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, एसडीएम इंद्री अशोक मुंजाल, जिला राजस्व अधिकारी मनीष यादव, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मनोज, एसडीओ करनैल सिंह व जगबीर सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने यमुना में बढ़ते जलस्तर को लेकर डीसी उत्तम सिंह के साथ की चर्चा

वहीं दूसरी ओर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीसी उत्तम सिंह और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की तथा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह से तैयार रहें।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वे बाढ़ प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह से अलर्ट रहें। डीसी उत्तम सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जान माल की रक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *