हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 की समीक्षा बैठक, नगर निगम आयुक्त ने दिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश

करनाल, 1 सितंबर ।  नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 चलाया जा रहा है। इस अभियान को एक त्यौहार की तरह मनाया जाए। अभियान के तहत सभी विभाग अपने कार्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें, पुराने और अनुपयोगी रिकॉर्ड का निपटारा करें। साथ ही स्वच्छता अभियान के मापदंडों के अनुसार कार्यालयों को जीरो वेस्ट ऑफिस घोषित किया जाए। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक जन-आंदोलन बनाना है ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रही थी। उन्होंने कहा कि यह अभियान ‘हर मोहल्ला, हर गली, हर मकान-स्वच्छ हरियाणा की पहचान’ थीम के साथ 25 नवम्बर, 2025 तक चलेगा। अभियान के तहत जिला को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा जिसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत जिला के प्रत्येक सरकारी विभाग के कार्यालय/परिसर, शिक्षण संस्थानों, सरकारी अस्पतालों, बैंकों तथा निजी कार्यालयों में सफाई करवाई जाए और अपने-अपने कार्यालय को साफ-सुथरा व सौंदर्यीकरण करें।
उन्होंने डीईओ को निर्देश दिए कि अभियान के तहत सभी शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिसके तहत स्कूलों व कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले लोगों के चालान काटे जाएं। जिला को अगले तीन महीनों में प्लास्टिक मुक्त बनाना है। बैठक में नगर निगम आयुक्त ने मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि मंडियों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के चालान काटे जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि स्वच्छता की दैनिक प्रगति रिपोर्ट जिओ टैग फोटो के साथ नगर निगम को मेल की जाए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, सीटीएम मोनिका, तहसीलदार कृष्ण, जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल, सीएमओ डॉ. पूनम चौधरी, डीपीओ सीमा प्रसाद, रोडवेज जीएम कुलदीप, जिला रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक, आरटीए विजय देशवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *