-गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी के सानिध्य में आयोजित शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

-धर्मनगरी का वातावरण हुआ राधा और कृष्णमय, भजनों पर जमकर झूमे श्रद्धालु

कुरुक्षेत्र, 30 अगस्त। बैंड-बाजों तथा मनमोहक झांकियों के साथ राधा अष्टमी की पूर्व संध्या पर  शोभा यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के अनेक संत-महंत, साधु समेत दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद संत-महंत और नगर के गणमान्य लोगों के साथ शोभायात्रा में पैदल चले। शोभा यात्रा को इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर स्वामी महेश मुनि जी, संत ज्ञानेश्वर जी,हरिनारायण गिरी जी, ब्रह्मचारी शक्ति जी , हरिओम परिवाजक जी, महंत लक्ष्मीपुरी जी उपस्थित थे। सभी संतो को अंग वस्त्र भेंट कर गीता ज्ञान संस्थानम के पदाधिकारियों  ने सम्मानित किया

यमुनानगर, कैथल,करनाल, पानीपत, अंबाला सहित प्रदेश के अलग-अलग नगरों से आई संकीर्तन मंडलियों ने भाग लिया।  संकीर्तन मंडली और भजन गायकों द्वारा गाए गए भजनों से पूरी धर्मनगरी राधा और कृष्णमय हो गई। सारा वातावरण धार्मिक भजनों से गूंज उठा। यात्रा में शामिल श्रद्धालु कृष्ण और राधा भाव के भजनों पर जमकर नाचे। इस शोभायात्रा में शामिल गीता और गाय की झांकियां विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहीं। गीता, गोपाल की पालकी रथ पर सजाई गई थी। ठाकुर जी की पालकी भी शोभायात्रा में शामिल रही।

गीता ज्ञान संस्थानम में स्थित गुरुकुल के ब्रह्मचारी एक स्वर में गीता के श्लोक का गान कर रहे थे। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पर सामाजिक, धार्मिक व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य लोगों ने भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा पर फूल बरसाए गए तथा स्वागत द्वार बनाए गए थे। विभिन्न संस्थाओं ने श्रद्धालु के लिए जलपान व प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। धर्मनगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया था।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी को दर्जनों स्थानों पर शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। अर्जुन चौक पर श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के संरक्षक जयनारायण शर्मा, प्रधान यशेंद्र शर्मा तथा प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा के नेतृत्व में सभा के सदस्यों ने गीता मनीषी को शॉल भेंट कर स्वागत किया और शोभायात्रा पर फूल बरसाए गए। सभा की ओर से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।

गीता ज्ञान संस्थानम से प्रारंभ हुई यह शोभा यात्रा अर्जुन चौक, देवीलाल चौक, महाराणा प्रताप चौक, नया बाजार, सीकरी चौक, पालिका बाजार, अंबेडकर चौक और रेलवे रोड से होती हुई कोऑपरेटिव बैंक चौक पर पहुंची। यहां से शोभायात्रा वापस रेलवे रोड और सलारपुर रोड से होते हुए गीता ज्ञान संस्थानम् में पहुंचीं, जहां पर शानदार आतिशबाजी की गई।

वहीं गीता ज्ञान संस्थानम् को भव्य रोशनी से सजाया गया था। श्री कृपा बिहारी मंदिर पर भव्य रंग-बिरंगी रोशनी सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही। शोभा यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडार व प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *