चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा सरकार ने अपना एक बड़ा चुनावी वादा पूरा करते हुए महिलाओं को सामाजिक व आर्थिक मजबूती प्रदान की है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” को लागू करने का अहम निर्णय लिया गया है।

इस योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये मासिक दिए जाएंगे। पहले चरण में राज्य की 23 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की करीब 20 लाख उन महिलाओं को 2100 रुपये प्रदान किए जाएंगे, जिनकी मासिक आय एक लाख रुपये तक है।

दूसरे व तीसरे चरण में राज्य की समस्त महिलाएं “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” के दायरे में आएंगी। प्रदेश सरकार ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए वार्षिक बजट में करीब पांच हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान किया है।

भाजपा सरकार ने “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” का लाभ देने के लिए 25 सितंबर निर्धारित की है। इस दिन अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है।

इसी दिन पूर्व उप प्रधानमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री स्व. देवीलाल का भी जन्मदिन है। मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा हुए एकमात्र एजेंडे की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि अगले एक सप्ताह के भीतर “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

जल्दी ही एक एप भी लांच होगा, जिस पर महिलाएं घर बैठे योजना के लाभ के लिए आवेदन कर सकती हैं। संभावना है कि 25 सितंबर तक जितनी महिलाएं आवेदन करेंगी, उनकी पात्रता के हिसाब से 2100 रुपये की राशि प्रदान कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार संकल्प पत्र को भगवान की तरह मानती है और उसमें किए गए समस्त वादों को पूरा कर रही है। विपक्षी दल सत्ता में आने के बाद घोषणापत्र को भूल जाते हैं, जबकि भाजपा सरकार ने जनता से किए हर वादे को पूरा किया है।

उन्होंने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश समेत विभिन्न कांग्रेस शासित सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव से पहले वहां भी महिलाओं को आर्थिक लाभ के वादे किए गए थे, लेकिन एक भी वादा आज तक पूरा नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिलाओं को “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” का लाभ देने के लिए धन की कोई कमी नहीं रहने की जाएगी। बता दें कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान जब मुख्यमंत्री थे, तब वहां लाडली बहना योजना शुरु की गई थी।

विवाहित और अविवाहित सभी महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये

हरियाणा सरकार की “दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना” के तहत 23 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित और अविवाहित सभी महिलाएं लाभ की पात्र होंगी।ॉ पहले चरण में वे परिवार शामिल किए जाएंगे, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है।

फिर चरणबद्ध तरीके से इससे अधिक आय वाले परिवारों को योजना के दायरे में लाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *