प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध : गौरव गौतम
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम व बबीता फोगाट ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित काय्रक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
करनाल, 29 अगस्त। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार का विजन है कि खेल के क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं। प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार द्वारा खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य खेल नर्सरियों की संख्या को बढ़ाकर तीन हजार करना है,ताकि प्रत्येक गांव से युवा प्रतिभाओं को खोजा जा सके।
खेल मंत्री गौरव गौतम शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हैंडबॉल खेल नर्सरी बड़ौता में आयोजित कार्यकम में बोल रहे थे। इस अवसर पर अर्जुन अवॉर्डी बबीता फोगाट भी उपस्थित रहीं। खेल मंत्री गौरव व बबीता फोगाट ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की गई।
इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि आज हम राष्ट्रीय खेल दिवस मना रहे हैं, आज के दिन हम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते है जिन्होंने दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। आज हमारे खिलाड़ी भी यही काम कर दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार भी इस दिशा में कृत संकल्प होकर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण प्रतिभा को एक ऐसा मंच देना है जहां उन्हें खेल उपकरण, प्रशिक्षण और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
आज बेटियां देश-विदेश में लहरा रही हरियाणा का परचम
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेलों से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की कल्पना को पूरा कर सकता है। स्वस्थ समाज ही भारत और हरियाणा को आगे ले जा सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आज बेटियां भी हरियाणा प्रदेश का नाम देश व विदेश में रोशन कर हरियाणा का परचम लहरा रही है। ‘खेल मतलब हरियाणा और हरियाणा मतलब खेल’ प्रदेश सरकार इसी विजन को लेकर आगे बढ़ रही है। हरियाणा की आबादी भारत की आबादी की लगभग दो प्रतिशत है, इसके बावजूद हरियाणा पूरी दुनिया में खेल के क्षेत्र में भारत का झंडा लहरा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने व प्रोत्साहन के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनके तहत खिलाडिय़ों को नगद पुरस्कार व ग्रुप ए से डी तक की नौकरियां दी जाती हैं।
खेलों के माध्यम से ही नशे को कर सकते हैं जड़ से खत्म
खेल मंत्री ने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और खेलों को अपने जीवन का अंग बनाएं। उन्होंने कहा कि आज नशा एक बहुत बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। खेलों के माध्यम से ही हम नशे जैसी चुनौती को जड़ से खत्म कर सकते हैं।
खेलों को बनाएं अपने जीवन का अंग : बबीता फोगाट
इस अवसर पर बबीता फोगाट ने कहा कि मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में हम खेल दिवस मनाते हैं। खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती मिलती है, बल्कि मन को मरहम भी मिलता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। हमें खेलो के साथ-साथ पढ़ाई में भी आगे बढऩे की जरूरत है। हमें याद रखना चाहिए कि पढ़ाई और खेल दोनों एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं, एक भी कमजोर हो गया तो जीवन की गाड़ी चल नहीं पाती है। खेल और पढ़ाई दोनों साथ चलते रहें तो बच्चे का मानसिक संतुलन भी बना रहेगा, शारीरिक तंदुरुस्ती मिलेगी और बच्चे आगे भी बढ़ेंगे।
इस मौके पर तहसीलदार राजेश, बीईओ निसिंग बिजेंद्र नरवाल, एसएचओ गौरव, स्कूल प्राचार्य विरेंद्र सिंह व स्कूल का स्टाफ सहित विद्यार्थी मौजूद थे।
