कुरुक्षेत्र साइक्लोथॉन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के होंगे पुख्ता इंतजाम:संजीव वर्मा
खेल विभाग के महानिदेशक एवं आयुक्त संजीव वर्मा ने द्रोणाचार्य स्टेडियम व ब्रह्मसरोवर का किया निरीक्षण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 31 अगस्त को ब्रह्मसरोवर दक्षिण द्वार से साइक्लोथॉन को देंगे हरी झंडी, स्वच्छता के लिए करेंगे श्रमदान, राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में आयोजित होगा साइक्लोथॉन कार्यक्रम,महानिदेशक ने अधिकारियों की ली बैठक
कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त। हरियाणा खेल विभाग के महानिदेशक एवं अंबाला मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर ब्रह्मसरोवर कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय साइक्लोथॉन का आयोजन 31 अगस्त को सुबह 7 बजे ब्रह्मसरोवर दक्षिण द्वार पर किया जा रहा है। इस साइक्लोथॉन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे। इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए है।
महानिदेशक एवं आयुक्त संजीव वर्मा शुक्रवार को देर सायं लघु सचिवालय के सभागार में साइक्लोथॉन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले महानिदेशक एवं आयुक्त संजीव वर्मा, मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने द्रोणाचार्य स्टेडियम और ब्रह्मसरोवर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त संजीव वर्मा ने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरा करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस राष्ट्रीय खेल दिवस पर कुरुक्षेत्र में 31 अगस्त को राज्य स्तरीय साइक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे।
उन्होंने कहा कि साईक्लिोथॉन कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विश्वविद्यालय, एनआईटी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, सूचना जनसम्पर्क विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों का अहम योगदान रहेगा। इस साईक्लिोथॉन में आम नागरिक व खिलाड़ी साईकिल लेकर पहुंचेंगे और सैंकडों खिलाड़ी व युवा दौडक़र व पैदल चलकर इस साईक्लिोथॉन को यादगार बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे। यह साईक्लिोथॉन ब्रह्मïसरोवर से चलकर द्रोणाचार्य स्टेडियम में पहुंचेंगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि साईक्लिोथॉन के प्रबंधों को लेकर 14 विभागों के अधिकारियों की डयूटियां लगाई गई है। इसमें पुलिस प्रशासन विभाग की तरफ से कार्यक्रम स्थल और साईक्लिोथॉन रूट पर महिला पुलिस व अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस योगदान देंगी, लोक निर्माण विभाग व नगर परिषद के अधिकारी सडक़ों की मुरम्मत करना सुनिश्चित करेंगे, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यक्रम स्थल पर और नगर परिषद के अधिकारी पूरे रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाकर रूट को स्वच्छ बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग, पीने के पानी की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग एम्बुलेंस व फस्र्ट एड का प्रबंध सहित अन्य विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में कर्मचारियों के साथ पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। सभी मिलकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार तरीके से सम्पन्न करवाएंगे।
