पानीपत। तलाक देने की रंजिश में साले ने छाजपुर खुर्द गांव निवासी जीजा का दोस्तों के साथ मिल अपहरण कर लिया। वह उसे कार में डालकर दिल्ली फार्महाउस पर ले गए। यहां उसे बुरी तरह पीटा गया। फिर आरोपित साला उसे अपने बपरौला गांव स्थित घर ले गया। वहां भी उसे बंधक बनाए रखा।
पुलिस आरोपितों का पीछा कर वहां पहुंची और पीड़ित को रेस्क्यू किया। पुलिस ने पीडित का सरकारी अस्पताल में मेडिकल करा आरोपित साले पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है। छाजपुर गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि तीन माह पहले उसका पत्नी पुष्पा से तलाक हो चुका है।

तलाक के बाद भी वह उसके घर ही रहती है। 24 जुलाई को वह अपने दोस्त सुमित से मिलने बहादुरगढ़ गया था। रात करीब नौ बजे वहां सो रहा था। इसी वक्त उसका साला आजाद आया और उसे जबरन घर से बाहर खींच कर ले आया और एक कार में बैठा लिया। उसके साथ दो और युवक थे।

उन्होंने उससे कार की चाबी छीनी और वह उसकी कार में बैठ गए। आजाद ने उसका मोबाइल छीनकर स्विच ऑफ कर दिया। वह उसे दिल्ली में एक फार्महाउस में ले गए, यहां उसको बुरी तरह से पीटा। फिर आजाद उसे अपने गांव बपरौला ले गया।

यहां उसे बंधक बनाए रखा। रात करीब ढाई बजे यहां पुलिस पहुंची और उसे छुड़ाया। आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। अगले दिन उसके स्वजन बहादुरगढ़ पहुंचे और उसका इलाज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *