कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान थीम को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर 31 अगस्त को सुबह पुरुषोत्तमपुरा बाग में साइक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इस साइक्लोथॉन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अहम पहलू यह है कि अतिरिक्त उपायुक्त महावीर प्रसाद को साइक्लोथॉन कार्यक्रम के लिए ओवरआल इंचार्ज की ड्यूटी सौंपी गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में साइक्लोथॉन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विश्वविद्यालय, एनआईटी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, सूचना जनसम्पर्क विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों का अहम योगदान रहेगा। इस साईक्लिोथॉन में आम नागरिक व खिलाड़ी साईकिल लेकर पहुंचेंगे और सैंकडों खिलाड़ी व युवा दौडक़र व पैदल चलकर इस साईक्लिोथॉन को यादगार बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि साईक्लिोथॉन के प्रबंधों को लेकर 14 विभागों के अधिकारियों की डयूटियां लगाई गई है। इसमें पुलिस प्रशासन विभाग की तरफ से कार्यक्रम स्थल और साईक्लिोथॉन रूट पर महिला पुलिस व अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस योगदान देंगी, लोक निर्माण विभाग व नगर परिषद के अधिकारी सडक़ों की मुरम्मत करना सुनिश्चित करेंगे, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यक्रम स्थल पर और नगर परिषद के अधिकारी पूरे रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाकर रूट को स्वच्छ बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग, पीने के पानी की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग एम्बुलेंस व फस्र्ट एड का प्रबंध सहित अन्य विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में कर्मचारियों के साथ पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। सभी मिलकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार तरीके से सम्पन्न करवाएंगे। इस मौके पर विशेष स्वच्छता अधिकारी कपिल शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला सूचना एंव जनसम्पर्क अधिकारी डा. नरेन्द्र सिंह, डिप्टी अधीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
फोटो नंबर 30
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 31 अगस्त को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग से साइक्लोथॉन को देंगे हरी झंडी, स्वच्छता के लिए करेंगे श्रमदान, राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में आयोजित होगा साइक्लोथॉन कार्यक्रम, एडीसी महावीर प्रसाद को बनाया ओवरऑल इंचार्ज
सोनिका वधवा
